अगले लोकसभा चुनाव में जनता लेगी समझदारी भरा फैसला: BJP

punjabkesari.in Sunday, Dec 23, 2018 - 05:33 PM (IST)

लखनऊः समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के बीच महागठबंधन की सम्भावनाओं को लेकर जारी अटकलों के बीच भाजपा ने दावा किया है कि अगले लोकसभा चुनाव में भी जनता सोच समझकर ही वोट डालेंगी। भाजपा प्रदेश महासचिव पंकज सिंह ने कहा कि इन दिनों सपा-बसपा महागठबंधन की खबरें चर्चा में हैं लेकिन विपक्ष इन खबरों का अपनी-अपनी तरह से खण्डन कर रहा है। महागठबंधन बने या ना बने, इससे भाजपा को कोई फर्क नहीं पड़ता।     

सपा, बसपा के एक साथ आने की सम्भावनाओं के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब विकास चाहती है। उसने लम्बे वक्त तक सपा और बसपा की सरकारों का कामकाज देखा है। जनता ने इनकी नीयत देखी है और अब वह हमारी नीयत भी देख रही है। आगामी लोकसभा चुनाव में जनता समझदारी भरा फैसला लेकर वोट देगी। प्रदेश की गोरखपुर, फूलपुर और कैराना लोकसभा सीटों के उपचुनाव में भाजपा को मिली पराजय के बारे में पूछे जाने पर भाजपा महामंत्री ने कहा कि लोकसभा चुनाव और उपचुनाव में फर्क होता है। दोनों ही चुनावों के मुद्दे अलग-अलग होते हैं। अगले लोकसभा चुनाव में भाजपा और भी बड़े बहुमत से केन्द्र की सत्ता हासिल करेगी। 

 

Ruby