यूपी कैबिनेट मंत्री राजभर का दावा, BJP कभी नहीं लाएगी राम मंदिर पर अध्यादेश

punjabkesari.in Saturday, Dec 01, 2018 - 09:50 AM (IST)

जौनपुर: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में कबीना मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार में अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए अध्यादेश कभी नहीं लाएगी। राजभर ने पत्रकारों से कहा कि राम मंदिर के लिए भाजपा कतई अध्यादेश नहीं लाएगी। वास्तव में भाजपा ने कभी भी राम मंदिर निर्माण के बारे में गंभीर रूख नहीं अपनाया। मंदिर मुद्दे पर राजनीति करने को प्राथमिकता देने वाली भाजपा को अध्यादेश लाने से कोई नहीं रोक रहा है। भाजपा के बड़े नेता कहते हैं कि राम मंदिर अध्यादेश लाने में कांग्रेस रोड़ा अटका रही है।

राजभर ने मुसलमानों को बधाई देते हुए कहा कि भाजपा की मंशा थी, कि बहुसंख्यक अयोध्या जाकर शोरगुल करेंगे तो मुसलमानों को गुस्सा आ जाएगा जिसके चलते हिन्दू मुसलमान में तनाव होगा तो हिन्दू मतदाता उनके पक्ष में आ जाएगा लेकिन, मुसलमानों ने संयम से काम लिया जिसके चलते उनकी मंशा पर पानी फिर गया।

राजभर ने साफ कहा कि राम मंदिर निर्माण में उनकी पार्टी को कोई आपत्ति नहीं है हालांकि उनका दल देश केे मंदिरों पर पुजारी अनुसूचित जाति/जनजाति और पिछड़ों को करने की हिमायती है। सुभासपा अध्यक्ष ने कहा कि उनके प्रदेश की सभी प्रमुख राजनीतिक हस्तियों से निजी संबंध है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, बसपा प्रमुख बहन मायावती, सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव और राजद नेता लालू यादव समेत सभी से उनके मधुर सम्बंध है। अक्सर सभी दलों के नेता एक कैंटीन में बैठक कर चाय भी पीते है।

Anil Kapoor