बुलंदशहर हिंसा पर बोले आप नेता संजय सिंह- BJP से सावधान वरना नहीं बचेगा हिंदुस्तान

punjabkesari.in Tuesday, Dec 04, 2018 - 04:44 PM (IST)

लखनऊ\नई दिल्ली: आप के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने बुलंदशहर में सांप्रदायिक हिंसा का हवाला देते हुए कहा है कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था की बदहाली के लिए जिम्मेदार राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। सिंह ने ट्वीट कर कहा कि योगी के राज में उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था बदहाल हो चुकी है। कानून का राज, जंगलराज में तब्दील हो चुका है। योगी से प्रदेश नहीं संभल रहा, उनको अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

उन्होंने भाजपा पर सांप्रदायिक हिंसा और नफरत फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि वोट, सत्ता और नफरत की राजनीति के लिए आज फिर भाजपाईयों ने दो हिंदुओं की हत्या करा दी, भाजपाई किसी के सगे नहीं हैं। सिंह ने भाजपा पर देश को ‘तालिबान’ बनाने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए लोगों को आगाह किया कि भाजपा से सावधान वरना नहीं बचेगा हिंदुस्तान।

बुलंदशहर जिले में हिंसक भीड़ की हिंसा में एक पुलिस अधिकारी की मौत पर दुख व्यक्त करते हुए सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश के जांबाज पुलिस अधिकारी सुबोध सिंह की शहादत को नमन, शहीद सुबोध सिंह ने हिंसा, नफरत और उपद्रव रोकने में अपनी जान गंवाई। उत्तर प्रदेश की जनता को सोचना होगा कि दंगाई सोच रखने वाले योगी के हाथों में प्रदेश कैसे सुरक्षित रहेगा।

Anil Kapoor