SP-BSP गठबंधन से नहीं पड़ेगा कोई फर्क, UP में बीजेपी जीतेगी 74 सीटेंः दिनेश शर्मा

punjabkesari.in Wednesday, Jan 16, 2019 - 10:41 AM (IST)

लखनऊः उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने दावा किया कि भाजपा आगामी लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश से 74 सीटों पर विजय प्राप्त करेगी और सपा-बसपा गठबंधन से भाजपा के प्रदर्शन पर किसी तरह का असर नहीं होगा।           

शर्मा ने संवाददाताओं से कहा कि‘यूपी के लड़कों’(अखिलेश यादव और राहुल गांधी) का भी ऐसा ही गठबंधन 2017 में बना था, लेकिन भाजपा को पूर्ण बहुमत हासिल हुआ था। मौजूदा सपा-बसपा गठबंधन का भी वही हश्र होगा और भाजपा 80 में से 74 सीटें जीतेगी। उन्होंने कहा कि सपा और बसपा के कार्यकर्ताओं के बीच कोई सामंजस्य नहीं हो सकता क्योंकि दोनों ने ही 1995 के गेस्ट हाउस कांड का नतीजा भुगता है।    

केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए शर्मा ने कहा कि भीम राव आंबेडकर का नाम लेने वाली पार्टियों ने कुछ नहीं किया और उनकी विचारधारा का अनुपालन भी नहीं किया जबकि यह मोदी सरकार ही है, जिसने दलितों और पिछड़ो के कल्याण के लिए काम किया। ‘धर्म की राजनीति’करने के आरोपों पर शर्मा ने कहा कि यह सही बात है कि हम‘राष्ट्रधर्म’की राजनीति करते हैं, जो हर किसी को करना चाहिए। तीन राज्यों में भाजपा की पराजय के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा कि हम कुछ अंतर से ही वहां सरकार नहीं बना सके।

 

Ruby