“लोकसभा चुनाव में BJP दोहराएगी 2014 की सफलता’’

punjabkesari.in Saturday, Dec 29, 2018 - 05:38 PM (IST)

सहारनपुरः भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) ने दावा किया है कि अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में पार्टी कार्यकर्ताओं के दम पर एक बार फिर वर्ष 2014 में मिली सफलता को दोहरायेगी। पार्टी के प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने पत्रकारों से कहा कि भाजपा अपने कार्यकर्ताओं के दम पर 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में मिली सफलता को दोहराएगी।

उन्होंने कहा कि आगामी तीन महीनों के लिए कार्यकर्ताओं को जनसंपर्क अभियान का कार्यक्रम दिया गया है। उत्तर प्रदेश में 13 करोड़ मतदाताओं तक भाजपा को पहुंचना है। बंसल ने कहा कि कार्यकर्ता पूर्व सैनिकों के घर जाकर उनका सम्मान करेंगे। आगामी 12 फरवरी से दो मार्च तक पार्टी पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि लोगों से घर-घर जाकर संपर्क करेंगे और उन्हें पार्टी का झंडा देकर उसे घर पर लगाने का आग्रह भी करेंगे। 

बंसल ने बताया कि इस अभियान को ’’मेरा परिवार-भाजपा का परिवार’’ का नाम दिया गया है। भाजपा के केंद्रीय और प्रांतीय नेतृत्व ने जनसंपर्क से जुड़े 72 कार्यक्रम संपन्न किए हैं जबकि लक्ष्य 146 है। उन्होंने बताया कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं से प्रदेश के तीन करोड़ लोग लाभान्वित हुए हैं। भाजपा कार्यकर्ता उनसे संपर्क कर भाजपा को वोट देने की अपील भी करेंगे। बंसल ने कहा कि मुजफ्फरनगर में भाजपा की क्षेत्रीय बैठक का आयोजन किया गया था। जिसमें उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व निष्क्रिय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को उनके दायित्व से जल्द ही मुक्त करेगा।

 

Ruby