उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीटों पर जीतेगी भाजपा: डॉ. रीता बहुगुणा

punjabkesari.in Sunday, Mar 31, 2019 - 11:26 AM (IST)

 

प्रयागराजः इलाहाबाद संसदीय सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रत्याशी और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री डॉ. रीता बहुगुणा जोशी ने दावा किया है कि उनकी पार्टी सूबे की सभी 80 सीटों पर जीत हासिल करेगी। इलाहाबाद सीट से टिकट मिलने के बाद शनिवार को पहली बार अपने गृह जिले पहुंचीं भाजपा उम्मीदवार ने बालसन चौराहे पर कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सफल पांच वर्षों और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दो वर्षों के सफल मुख्यमंत्रित्व काल में हुए विकास के बल पर भाजपा सूबे की सभी सीटों पर कमल खिलाएगी।

उन्होंने कार्यकताओं के जोश और उत्साह को देखते हुए कहा कि प्रयागराज की धरती पर यह उनका स्वागत नहीं है बल्कि मोदी के पांच वर्ष और योगी के दो वर्षों के सफल कार्यकाल में हुए विकास का स्वागत है। कार्यकर्ताओं का उत्साह 17वीं लोकसभा चुनाव में होने वाली बड़ी जीत की भविष्यवाणी स्वयं कर रहा है। जोशी ने कहा कि हम सब मिलकर भाजपा को जिताएंगे और एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों को मजबूत कर देश की बागडोर सौंपेंगे। उन्होंने कहा कि आज देश को एक मजबूत और ईमानदार सरकार की जरूरत है न कि मजबूर और कमजोर सरकार की।

उन्होंने कहा कि पिछले पांच साल में भाजपा सरकार ने जिस तेजी और ईमानदारी से देश का विकास किया है वह अभूतपूर्व है और विश्व पटल पर भारत एक शक्तिशाली राष्ट्र बनकर उभरा है। पर्यटन मंत्री ने कहा कि मेरे जीवन के हर अध्याय में प्रयागराज का अविष्मरणीय योगदान रहा है। यहां की जनता ने हमेशा अपार स्नेह दिया। प्रयागराज के विकास में कोई कोर कसर नहीं छोडूंगी। अन्त में उन्होंने भारत माता की जय, नरेन्द्र मोदी जिन्दाबाद, अमित शाह जिन्दाबाद के कार्यकर्ताओं के साथ नारे लगाए।

इससे पहले जोशी ने बालसन चौराहे पर ऋषि भारद्वाज, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर प्रयागराज की महापौर अभिलाषा नंदी गुप्ता, बारा के विधायक अजय भारती, मेजा की विधायक नीलम करवरिया, शहर उत्तरी के विधायक हर्षवर्धन समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग, भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।


 

Tamanna Bhardwaj