UP 2022 विधान सभा चुनावी मुकाबले को BJP कार्यकर्ता तैयार: स्वतंत्र देव सिंह

punjabkesari.in Sunday, Jun 13, 2021 - 09:30 PM (IST)

वाराणसी: उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकाल में सबसे अधिक विकास का दावा करते हुए इसके प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने रविवार को यहां कहा कि वर्ष 2022 के विधान सभा चुनावी मुकाबले के लिए हर कार्यकर्ता तैयार है। कोरोना संक्रमण से मरने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि तथा उनके परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करने के लिए यहां आए सिंह ने संवाददाताओं से कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास' के लक्ष्य के साथ काम करने वाली इस पार्टी के कार्यकाल में प्रदेश का सबसे ज्यादा विकास हुआ है।       

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शिता एवं कुशल मार्गदर्शन तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मजबूत प्रबंधन से अल्प समय में ही कोरोना पर काफी हद तक नियंत्रण करने की एक मिसाल कायम की गई है। राज्य की वर्तमान सरकार में मंत्री रहे सिंह ने कहा कि श्री योगी ने कोरोना की दूसरी लहर में खुद संक्रमित होने बावजूद चौबीसों घंटे एवं सातों दिन परिश्रम जनता की सेवा की। मुख्यमंत्री ने स्वयं सभी जिलों में जाकर वहां कई पीड़ति लोगों से मुलाकात की तथा उनकी परेशानियों को दूर करवाया। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि पर्याप्त बिस्तर, आक्सीजन, दवाइयाँ आदि उपलब्ध करवाईयां गईं, जिसकी वजह से कोरोना पर अब काफी हद तक नियंत्रण पा लिया गया है।       

सिंह ने कार्यकर्ताओं से जिला पंचायत अध्यक्ष एवं ब्लॉक प्रमुख के चुनावों को गंभीरता से लेने की अपील करते हुए कहा कि संगठन और जनप्रतिनिधियों के साझा प्रयास से निश्चित रूप से नतीजे अच्छे आएंगे। भाजपा की काशी क्षेत्र के मीडिया प्रभारी नवरतन राठी ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष श्री सिंह ने अपने वाराणसी दौरे की शुरूआत बाबा काशी विश्वनाथ दरबार एवं बाबा कालभैरव के दरबार में मत्था टेकने तथा विधिविधान से दर्शन-पूजन करने के साथ ही। इसके बाद वह कोरोना के कारण दिवंगत हुए पाटर्ी के कार्यकर्ताओं, कई प्रबुद्धजनों के आवासों पर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया।      

स्वतंत्र देव ने पद्मविभूषण पं छन्नूलाल मिश्र के घर जाकर उनकी दिवंगत पत्नी एवं बेटी को श्रद्धांजलि अर्पित तथा अपनी संवेदना प्रकट की। इसी दौरान पं छन्नूलाल मिश्र भावुक होकर बोले, ‘‘मुझे प्रधानमंत्री मोदी जी एवं मुख्यमंत्री योगी जी पर पुरा विश्वास है।'' मुलाकात के दौराना मिश्र ने श्री सिंह को अपना आशीर्वाद दिया।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कोरोना महामारी की संकट घड़ी में पाटर्ी ने निर्णय लिया कि समाज के ऐसे दिवंगत कार्यकर्ताओं, नेताओं एवं अन्य लोगों को श्रद्धा सुमन अर्पित करने के लिए मंत्री, सांसद, विधायक उनके घर जाएंगे और उनके परिजनों से अपनी शोक संवेदना व्यक्त करेंगे।

Content Writer

Umakant yadav