BJP कार्यसमिति की बैठक में लोकसभा,  निकाय व MLC चुनाव जीतने की रणनीति पर मंथन

punjabkesari.in Monday, Jan 23, 2023 - 06:31 PM (IST)

लखनऊ: बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी की अध्यक्षता में रविवार को स्थानीय इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक हुई। जिसमें आगामी लोकसभा, निकाय और एमएलसी चुनाव जीतने की रणनीति पर मंथन किया गया। इसके साथ संगठन के भावी कार्यक्रमों व संगठनात्मक अभियानों की योजना पर विमर्श भी किया गया।

द्वितीय सत्र की शुरुआत में ही प्रदेश महामंत्री सुब्रत पाठक ने जहां शोक प्रस्ताव रखाकर दिवंगत राजनीतिक, गैर राजनीतिक हस्तियों को याद किया। वहीं, प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज सिंह ने राजनीतिक प्रस्ताव रखा जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया। प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कार्यसमिति को संबोधित करते हुए कहा कि 5 फरवरी तक राज्य के सभी 98 संगठनात्मक जिलों की और 12 फरवरी तक 1918 मंडलों की कार्यसमिति का आयोजन करके संगठन की कार्य योजना विस्तार से एक-एक कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी तक पहुंचाना है।



सभी वर्गों का समायोजन कर सुगठित करना है
प्रदेश महामंत्री (संगठन) ने कहा कि एमएलसी चुनाव के साथ ही नगर निकाय चुनाव की तैयारियां भी लगातार चलती रहेंगी। हमें अपने कार्यक्रमों व अभियानों के माध्यम से संगठनात्मक दृष्टि से एक आदर्श प्रस्तुत करना है। उन्होंने कहा कि मंडल और बूथ स्तर तक समीक्षा करके प्रभावशाली सशक्त मंडल व सशक्त बूथ की संरचना का निर्माण कर सभी वर्गों का समायोजन कर सुगठित करने का काम करना है। सशक्त मंडल के लिए हर माह मंडल पदाधिकारी बैठक हो तथा मंडल में सातों मोर्चे की कार्यकारिणी गठन, पदाधिकारी कार्य विभाजन और जिले के प्रभारियों के मंडल में प्रवास सुनिश्चित किए जाएं। इसके साथ ही मंडल पदाधिकारियों के शक्ति केंद्र पर प्रवास भी निश्चित होना चाहिए। मंडल में ऐसे पदाधिकारियों की तैनाती करना है जो पंचायत, नगर निकाय, विधानसभा व लोकसभा चुनाव की जिम्मेदारियां निभाने में सक्षम हों।



हीरा बा और मुलायम सिंह को किया गया याद
कार्यसमिति की बैठक के द्वितीय सत्र के प्रारम्भ में प्रदेश महामंत्री सुब्रत पाठक ने शोक प्रस्ताव रखा। बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मां स्व. हीरा बा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व राज्यपाल स्व. केशरी नाथ त्रिपाठी, पूर्व मुख्यमंत्री स्व. मुलायम सिंह यादव, पूर्व विधायक स्व. सुन्दर लाल दीक्षित, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व विधायक स्व. रामनरेश रावत पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष, पूर्व विधायक स्व. अरविन्द गिरी, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रयागराज स्व. पंडित राघवेन्द्र मिश्रा आदि को याद किया गया। बूथ पर मनाएगी।



आंबेडकर जयंती मनाएगा संगठन
धर्मपाल सिंह ने कहा कि 2 फरवरी से 12 फरवरी के बीच जिला स्तर पर बजट पर चर्चा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 11 फरवरी पं. दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि को हर बूथ पर समर्पण दिवस के रूप में मनाते हुए संगठन के लिए आजीवन सहयोग निधि के रूप में सहयोग लेने का अभियान प्रारम्भ होगा। 6 अप्रैल को पार्टी के स्थापना दिवस तथा 14 अप्रैल बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती को पार्टी प्रत्येक बूथ पर मनाएगी। 

जेपी नड्डा ने दिया जीत का मंत्र
कार्यसमिति की इस बैठक को बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने संबोधित किया। जेपी नड्डा ने इस दौरान कहा कि उत्तर प्रदेश में कुछ साल पहले भ्रष्टाचार, जातिवाद, भाई-भतीजावाद की जंजीर में जकड़ा था. मगर, बीते चार सालों की बात की जाए तो प्रदेश अब इस महामारी से बाहर निकल कर देश को लीड करने वाला प्रदेश बना है। 

Content Writer

Ajay kumar