दो दिवसीय अहम दौरे पर लखनऊ पहुंचे बीएल संतोष और राधा मोहन सिंह ने की संघ के पदाधिकारियों से मुलाकात

punjabkesari.in Monday, Jun 21, 2021 - 09:03 PM (IST)

लखनऊ:  दो दिवसीय दौरे पर सोमवार को उत्तर प्रदेश पहुंचे भारतीय जनता पार्टी  के महासचिव बीएल संतोष और उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह ने राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के पदाधिकारियों से मुलाकात की और शाम को मुख्यमंत्री आवास पर कोर कमेटी की बैठक को संबोधित किया। प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों के प्रति बेहद गंभीर भाजपा के दो वरिष्ठ पदाधिकारियों का कम अंतराल में किया गया दौरा अहम माना जा रहा है।

पार्टी सूत्रों ने बताया कि बीएल संतोष और राधा मोहन सिंह ने भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में कुछ समय बिताने के बाद सिविल अस्पताल में टीकाकरण अभियान का जायजा लिया। दोनों पदाधिकारी बाद में निरालानगर स्थित विद्या भारती के कार्यालय पहुंचे और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र प्रचारक अनिल के साथ बातचीत की। उन्होंने बताया कि संतोष ने संघ के पदाधिकारियों से सरकार के कामकाज और सेवा कार्यो के बारे में विस्तृत चर्चा की।

बता दें कि इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह तथा महामंत्री संगठन सुनील बंसल भी मौजूद थे। शाम को दोनो नेता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सरकारी आवास पहुंचे जहां उन्होने पार्टी की कोर कमेटी की बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा के साथ साथ संगठन और सरकार के सेवा कार्यो की जानकारी आमजनो तक पहुंचाने समेत संगठनात्मक ढांचे की मजबूती के उपायों पर विचार विमर्श किये जाने की संभावना है।        

Content Writer

Moulshree Tripathi