ब्लैक फंगस पीड़ित महिला संग लोहिया संस्थान में हुई छेड़खानी, स्मृति ईरानी के सामने फफक पड़ी बेटी बोली- मेरी मां से हुई बदसलूकी

punjabkesari.in Sunday, Jun 13, 2021 - 11:00 AM (IST)

लखनऊः उत्तर प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर योगी आदित्यनाथ सरकार सख्त है। इस बाबत मुख्यमंत्री स्पष्ट भी कर चुके हैं कि मां-बहनों से छेड़खानी या दुस्साहस को प्रदेश में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं लोहिया संस्थान में कोरोना व ब्लैक फंगस पीड़ित 40 वर्ष की महिला ने डॉक्टर- कर्मचारियों पर छेड़छाड़ व मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं।

बता दें कि पीड़िता ने अपने परिवार से अपनी पूरी बातें कही। इसके बाद उसकी की बेटी ने जिले के दौरे पर आई सांसद व केंन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से मामले की शिकायत की। केंद्रीय मंत्री ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। दरअसल अमेठी स्थित नगर पालिका गौरीगंज के वार्ड निवासी 40 वर्षीय महिला को बीती छह जून को गौरीगंज के संयुक्त जिला अस्पताल में भर्ती कराया। तबीयत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उन्हें लोहिया संस्थान रेफर कर दिया। जहां कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। वहीं चेहरे पर सूजन को डॉक्टरों ने ब्लैक फंगस बताया।

वहीं पीड़िता ने बताया कि डॉक्टर व कर्मचारी ने उसे मारा-पीटा। उसके साथ गलत हरकत की गई है। घटना से महिला डरी-सहमी है। घबराए परिवारीजनों ने शुक्रवार को मरीज को डिस्चार्ज करा लिया। मरीज को गौरीगंज स्थित जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसी बीच शनिवार को ऑक्सीजन प्लांट का शुभारंभ करने आई केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से पीड़िता के परिजनों ने मुलाकात की। महिला की बेटी ने फफकते हुए स्मृति से फरियाद की। जिसके बाद स्मृति ने डीएम, एसपी व सीएमओ से मामले में कार्रवाई के निर्देश दिये हैं। 

Content Writer

Moulshree Tripathi