ब्लॉक प्रमुख चुनाव मूंढापांडे: भानू यादव पर रातोंरात BJP संग सौदे का आरोप, सपा ने फोड़ा हार का ठीकरा

punjabkesari.in Monday, Jul 12, 2021 - 01:46 PM (IST)

मुरादाबादः उत्तर प्रदेश में सियासी पारा आसमान में चढ़ता जा रहा है। लिहाजा विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर सभी दल अपनी पृष्ठभूमि को मजबूत करने में जुट गए हैं। वहीं ब्लॉक प्रमुख चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को मिली बंपर जीत से तिलमिलाई समाजवादी पार्टी को भाजपा ने 'बौखलाई पार्टी' करार दिया है। वहीं मुरादाबाद में रातोंरात भाजपाई बने सपा प्रत्याशी भानू यादव को लेकर मूंढापांडे ब्लॉक पूर्व प्रमुख उस्मान व दूसरे नंबर पर रहे आयुष यादव ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव से एकदिन पहले रातों-रात भानू ने भाजपा प्रत्याशी से सौदा कर हाथ मिला लिया। जिस वजह से सपा को हार मिली।

इस बाबत आयुष यादव ने कहा कि मुझे और भानू यादव दोनों को ही सपा ने प्रत्याशी बनाया था। इलेक्शन से कुछ दिनों पहले बीडीसी सदस्य ज्यादा होने पर यह तय हुआ था कि चुनाव मैं लड़ूंगा। इसके बावजूद भानू ने भी यह कहना शुरू कर दिया कि वह भी चुनाव लड़ेंगे। इसके लिए वे पुलिस को साथ लेकर आए और जबरन 25 सदस्यों को अपनी ओर कर लिया। इनमें से 11 वोट भाजपा प्रत्याशी के खाते में गए व अन्य अपने में डलवाए।

यादव ने आगे बताया कि इतना ही नहीं वह अपनी पत्नी व बच्चों को बंधक बनाने का आरोप भी लगा रहे हैं। उनकी झूठ का सबूत हमारे पास वीडियो के रूप में है। उन्होंने कुंदरकी विधायक हाजी मुहम्मद रिजवान पर झूठे आरोप लगाए हैं, जो कि निराधार हैं। हम पूरे मामले को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के पास जाएंगे। बता दें कि ब्लॉक प्रमुख चुनाव में मुरादाबाद में भाजपा बड़ी जीत में सफल रही है। सपा का गढ़ होने के बावजूद पार्टी को हार का सामना करना पड़ा। 

Content Writer

Moulshree Tripathi