जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, 2 की मौत

punjabkesari.in Monday, Dec 31, 2018 - 01:46 PM (IST)

कुशीनगर: उत्तर प्रदेश में कुशीनगर के कुबेरस्थान क्षेत्र में दो पक्षो के बीच जमीनी विवाद को लेकर हुई मारपीट में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक राजू नारायण मिश्र ने बताया कि राम छोटी गंगोली गांव में दो पक्षों में पिछले कुछ सालों से जमीनी विवाद चल रहा था।

इसी के चलते रविवार को गांव के पश्चिम में स्थित खेत में जितेंद्र सिंह और शिवबच्चन सिंह सागौन का पेड़ काट रहे थे। इस मामले में गांव के ही पट्टीदारों से उस जमीन पर विवाद चल रहा था। पट्टीदार लाठी डंडा तथा धारदार हथियार लेकर मौके पर पहुंचे और पेड़ काटने से रोकने लगे। विवाद बढ़ने पर जितेन्द्र सिंह और शिवबच्चन सिंह कुछ समझ पाते कि पट्टीदारों ने एकाएक उन पर हमला बोल दिया जिससें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दोनों की मौत हो गई। 

उन्होंने बताया कि इस घटना के बाद गांव में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दी गई है। इस घटना में शामिल लोगों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। मामले की छानबीन की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी गई है।

 

Ruby