जेल में कैदियों और पुलिस के बीच खूनी संघर्ष, 2 डिप्टी जेलर की हालत गंभीर

punjabkesari.in Monday, May 22, 2017 - 12:09 PM (IST)

कन्नौज(नित्य मिश्रा): यूपी के कन्नौज जिले में देर शाम जिला कारागार में कैदियों और जेल प्रशासन के बीच खूनी संघर्ष हो गया जिसमे जेल के दो डिप्टी जेलर गम्भीर रूप से घायल हो गए। घायल दोनों डिप्टी जेलरों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जेल के अंदर कितने कैदी घायल हुए है इसकी जानकारी अधिकारी देने में कतराते नजर आ रहे हैं।

दरअसल मामला जिला कारागार में बंद विनोद नाम के कैदी से जेल अधीक्षक द्वारा मारपीट करने से शुरू हुआ। 20 मई को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की कोर्ट में कैदी विनोद तारीख पर गया था। जहां उसने जेल अधीक्षक पर पिटाई का आरोप लगाते हुए अपने पीठ का जख्म मीडिया को दिखाया था। मीडिया में खबरे आने से जेल प्रशासन कैदी से खासा नाराज था, जिसको लेकर देर शाम कैदी और जेल प्रशासन के अधिकारीयों में खूनी संघर्ष हो गया।

कैदियों ने डिप्टी जेलर सुरेंद्र मोहन और राम अवतार को जमकर पीटा। कैदियों ने मारपीट कर एक डिप्टी जेलर राम अवतार का हाथ तोड़ दिया वहीं दूसरे डिप्टी जेलर सुरेंद्र मोहन का सर फोड़ दिया। दोनों अधिकारीयों पर कैदियों द्वारा हमला किए जाने के बाद जेल में अफरा-तफरी मच गई।

इसके बाद अधिकारिओं को बचाने के लिए पुलिस ने जेल गेट पर हवाई फायरिंग भी की। घटना की सूचना मिलते ही एसपी व डीएम बड़ी संख्या में फोर्स लेकर जेल पहुंचे, जहां कई घंटो की मशक्कत के बाद दोनों अधिकारियों ने हालात पर काबू पाया। पुलिस अधीक्षक की मानें तो हालात पूरी तरह से काबू में हैं। मामले की जांच कराई जा रही है।