नवविवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकता मिला, मचा हड़कंप

punjabkesari.in Thursday, Feb 22, 2018 - 12:35 PM (IST)

कानपुरः उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां नवविवाहिता युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकता मिला। आनन-फानन में परिजन युवती को जिला अस्पताल लेकर गए। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जानिए पूरा मामला 
जानकारी के मुताबिक मामला पनकी थाना क्षेत्र स्थिति रतनपुर कॉलोनी का है। यहां के निवासी राजिव कुमार ने अपने बड़े बेटे रजत की शादी इटावा निवासी जय नारायण की बेटी प्रियंका (22) से की थी। वहीं मंगलवार सुबह राजिव कुमार के घर पर कोई नहीं था। तभी बहु प्रियंका ने घर पर फांसी लगा ली। कुछ देर बाद जब प्रियंका का देवर रवि घर पहुंचा तो वह दंग रह गया। भाभी फांसी के फंदे पर लटकी हुई मिली। तभी देवर ने शोर मचाना शुरु कर दिया। आनन-फानन में इकट्ठे हुए लोगों ने शव को नीचे उतारा।

दहेज में दिए 6 लाख रुपए
ससुराली प्रियंका को लेकर हैलट अस्पताल पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ससुरालीजनों ने इसकी सूचना पुलिस और प्रियंका के मायके वालों को दी। मृतका के परिजनों ने हंगामा करना शुरु कर दिया। मृतक प्रियंका के पिता जय नारायण का कहना है कि मैंने बड़े ही अरमानों से अपनी इकलौती बेटी की शादी की थी। शादी में 6 लाख रुपए कैश और दहेज का पूरा सामान भी दिया था।

कार की डिमांड कर रहे थे ससुराली
इतना ही नहीं जय नारायण ने बताया कि यह लोग उसके साथ मारपीट भी करते थे, जिसकी जानकारी बेटी ने कई बार दी थी। ससुराल पक्ष के लोग लगातार कार की डिमांड कर रहे थे। जबकि मैंने कहा था कि इतना कैश पहले ही ले चुके हो। जो भी मेरे पास था उतना मैंने कर दिया, अभी एक बेटे की शादी करनी है अब मैं कार कहां से दूं।

भाभी का शव फंदे से लटक रहा था- देवर
उधर, प्रियंका के देवर का कहना है कि मां किचन में काम कर रही थी। बाहर से आने के बाद मैं कमरे में गया तो देखा कि भाभी का शव फंदे से लटक रहा था। इसके बाद यह बात मैंने पैरेंट्स को बताई और उन्हें फंदे से नीचे उतरा और हैलट अस्पताल ले गए।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव 
इस मामले में सीओ ललित मणि त्रिपाठी ने बताया कि रतनपुर कालोनी में एक महिला ने सुसाइड किया है। मृतका के परिजनों ने दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया है, उसी आधार पर मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर घटना की जांच कर रही है।