लॉकडाउन में लड़का ले आया दुल्हन, भड़की मां ने कहा- घर में नहीं मिलेगा प्रवेश

punjabkesari.in Wednesday, Apr 29, 2020 - 07:02 PM (IST)

गाजियाबादः कोरोना वायरस के मद्देनजर लागू लॉकडाउन के दौरान उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक सख्श निकला तो था सब्जी और राशन लेने लेकिन जब वह वापस आया तो  उसके पास सजी-धजी दुल्हन थी। ये दृश्य देखते ही मां का सर चकरा गया। मां ने दोनों को घर में प्रवेश करने से रोक दिया।

बता दें कि बेटा बड़ी चतुराई से अपनी गर्लफ्रेंड को पत्नी बनाकर ले आया था। इसपर मां ने घर में घुसने से मना कर दिया। बस फिर क्या था, मामला साहिबाबाद कोतवाली पहुंच गया। दुल्हन के लिबास में लड़की और उसके साथ लड़का दोनों थाने में मौजूद थे। वहां पर लड़के की मां भी आई और खुले शब्दों में कह दिया कि लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले बेटे को घर में नहीं घुसने दूंगी। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने मामले में बीच का रास्ता निकाला।

वहीं पुलिस ने कहा कि शादी हुई भी है या नहीं, इस बात का भी कोई सबूत नहीं है। जब लड़के से बात की गई तो उसका कहना है कि मंदिर में शादी हुई है। हालांकि वह इसका कोई सबूत पेश नहीं कर सका। वहीं वह एक महीने पहले हरिद्वार में शादी होने की बात कह रहा है लेकिन इसका भी वह कोई सबूत नहीं दे सका है। पूरा मामला थाने में पुलिस के लिए भी सिरदर्द बन गया। काफी देर तक सवाल-जवाब के बाद फिलहाल पुलिस ने लड़के और लड़की को समझा दिया। लड़का अपनी नई नवेली दुल्हन को लेकर किराए के मकान में चला गया है। वहीं लड़के की मां ने फिलहाल साफ शब्दों में कह दिया है कि लॉकडाउन खत्म होने से पहले घर आने की जरूरत नहीं है।

Author

Moulshree Tripathi