लड़के को रिवॉल्वर के दम पर मंडप से भगाने वाली दबंग दुल्हन गिरफ्तार

punjabkesari.in Thursday, May 18, 2017 - 09:38 AM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में शादी समारोह से तमंचे की नोक पर मंडप से दूल्हे को किडनैप करने वाली दंबग लड़की वर्षा साहू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने लड़की को बांदा से पकड़ा है। पुलिस ने दूल्हे को भी काफी मशक्कत के बाद बरामद कर लिया है। बताया जा रहा है कि युवक दूसरी लड़की से शादी रचा रहा था इसी वजह से लड़की युवक को फिल्मी स्टाइल में तमंचे के बल पर उठा ले गई थी।

गौरतलब है कि बांदा जिले के गांव मोहन पुरवा से अशोक पुत्र रामहेत यादव की बारात हमीरपुर के भवानी गांव आई थी। जहां उसकी शादी राम सजीवन की पुत्री भारती से होनी थी। कार्यक्रम गहबरा के एक महाविद्यालय में चल रहा था। इसी दौरान वहां पर दूल्हे की प्रेमिका तीन गाड़ियों में दर्जनभर लोगों के साथ तमंचे से लैस होकर पहुंची।

तमंचा लहराते हुए वहां पर लड़की ने ऐलान किया कि यह लड़का मुझसे मोहब्बत करता है... मुझे धोखा देकर शादी कर रहा है...मैं यह होने नहीं दूंगी। इसके बाद लड़की के साथ आए उसके साथी दूल्हे को उठा ले गए इससे शादी के मंडप में कोहराम मच गया। मिली जानकारी के मुताबिक अशोक यादव बांदा में नौकरी करता है। साथ में काम करने वाली लड़की से उसको मोहब्बत हो गई। इसी बीच किसी ने लाइट बन्द कर दी जिससे समारोह में अफरा तफरी मच गई।

दोनों ने एक-दूसरे से किया था शादी का वादा
बताया जा रहा है कि दोनों ने एक-दूसरे शादी करने का वादा किया था। कुछ लोग यह भी कहते हैं कि चोरी-छिपे शादी करने के बाद वह साथ रहने लगे थे। लेकिन घरवालों के दबाव में अशोक दूसरी लड़की से शादी कर रहा था। इसकी भनक अशोक की गर्लफ्रेंड को लग गई तो उसने अपने कुछ साथियों के साथ स्कार्पियो में हमीरपुर के भवानीपुर गांव में सीधे शादी के मंडप में पहुंची और लड़के को रिवाल्वर दिखाकर अगवा कर लिया।

दूल्हे के अगवा होने से मचा कोहराम
दूल्हे के अगवा होने से वहां पर कोहराम मच गया। दुल्हन भारती यादव चीख-चीखकर रोने लगी। दुल्हन को वहां मौजूद लोगों ने सुना कि वह कह रही थी कि भगवान किसी और के साथ एेसा न करे। भारती अपनी किस्मत के साथ गर्लफ्रेंड को भी कोस रही थी। जब शादी में आए मेहमानों ने पूरा माजरा समझा तो वह भी आपस में दो गुटों में बंट गए। एक गुट कह रहा था कि कलयुग आ गया है क्योंकि औरत जात अब रिल्वालवर लेकर किडनैपिंग करने लगी है। वहीं कुछ लोगों को कहते सुना गया कि बुंदेलखंड झांसी की रानी लक्ष्मीबाई की धरती है। लड़की ने उस धोखेबाज के साथ सही किया।