मेरठ: बहन का पहचान पत्र दिखाकर होटल में लिया कमरा, फिर प्रेमिका का किया ऐसा हाल

punjabkesari.in Sunday, Apr 07, 2019 - 11:24 AM (IST)

मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ में थाना सदर बाजार क्षेत्र के एक होटल में शनिवार को प्रेमी ने प्रेमिका के बेवफा होने के शक में उसे चाकू घोंप कर कथित तौर पर उसकी हत्या का प्रयास किया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि युवती को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

थाना सदर बाजार पुलिस के अनुसार शहर के आबू लेन स्थित एक होटल में एक युवती को उसके प्रेमी ने चाकू मारकर घायल कर दिया। पुलिस के मुताबिक ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में रहने वाली एक युवती का अनस नाम के युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पुलिस ने कहा कि युवक ने अपनी बहन का पहचान पत्र दिखाकर सुबह होटल में कमरा लिया था। दोपहर के समय आरोपी अनस ने युवती पर चाकू से कई वार कर डाले। वहीं होटल कर्मचारियों ने जानकारी ली तो वारदात का पता चला।

कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और युवती को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने आरोपी अनस को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। आरोपित का दावा है कि लड़की ने उसके साथ बेवफाई की। आरोपी के विरुद्ध सदर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।

Anil Kapoor