आगरा में मोहब्बत का सौदाः प्रेमी ने प्रेमिका को कोठे पर बेंचा, NGO की मदद से पुलिस ने रेड लाइट एरिया से किशोरी को कराया मुक्त

punjabkesari.in Monday, Feb 26, 2024 - 12:50 PM (IST)

आगरा: मोहब्बत की नगरी आगरा में मोहब्बत का सरेआम सौदा करने का मामला सामने आया है। जिसके साथ जीने-मरने की कसम खाई वही प्रेमी किशोरी को देह व्यापार के बाजार में बेचकर चला गया। यहां उससे जबरन देह व्यापार कराया जा रहा था। एक एनजीओ की मदद से एंटी ह्यूमन ट्रेफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) ने उसे मुक्त कराया है। पुलिस ने कोठे से तीन युवकों और दो महिलाओं को पकड़ा है। कोठा संचालिका मौके से फरार हो गई। किशोरी से पूछताछ की जा रही है।



किशोरी 10 दिन से रेड लाइट एरिया बसई में थी कैद
राजस्थान के बूंदी की रहने वाली 17 साल की किशोरी 10 दिन से रेड लाइट एरिया बसई में कैद थी। उसे एक युवक कोठा संचालिका नूतन को बेच गया था। यहां उससे जबरन देह व्यापार कराया जा रहा था। फ्रीडम फर्म एनजीओ ने एएचटीयू को इसकी जानकारी दी। इस पर थाना ताजगंज पुलिस को शामिल कर संयुक्त टीम ने शनिवार को रेड लाइट एरिया में छापा मारकर किशोरी को मुक्त कराया।



किशोरी ने पुलिस के बताई दर्दभरी कहानी
किशोरी ने बताया कि उसके पिता बीमार रहते हैं। पिता के इलाज के लिए एक युवक ने मां को उधार पैसे दिए थे। युवक उसके घर आया करता था। दोनों के बीच दोस्ती हो गई। युवक ने उसे प्यार के झूठे सपने दिखाए। बहाने से उसे आगरा ले आया। यहां वह 10 दिन पहले उसे छोडकर चला गया था। किशोरी ने पुलिस और एनजीओ को अपनी दर्द भरी कहानी बताई है। वह 10 दिनों से यहां कैद थी।

पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया, कर रही पूछताछ 
किशोरी ने पुलिस को बताया कि ग्राहक से जितने भी रुपये तय होते थे नूतन उसमें से आधा हिस्सा अपने पास रखती थी। उसके अलावा पहले से एक और युवती वहां रहती है। उससे भी देह व्यापार कराया जाता है। युवती अब इस माहौल में ढल गई है। वह उससे यही कहती थी कि यहां से भागना संभव नहीं है। जान से मार देंगे। पुलिस ने मौके से पीपल मंडी निवासी दीपक, फैजान (कश्मीरी बाजार), आदिल निवासी ताजगंज को पकड़ा। इनके अलावा मौके से 35 साल की एक महिला और 25 साल की युवती को भी पकड़ा गया। पुलिस इन दोनों से भी पूछताछ कर रही है।

Content Writer

Ajay kumar