शीशे तोड़ने से हौसले नहीं तोड़े जा सकते…अब गुलशन से ही होगा कुंडा का गुलशन: अखिलेश

punjabkesari.in Sunday, Feb 27, 2022 - 04:36 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कुंडा में सपा प्रत्याशी पर हुए हमले पर योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट कर कहा शीशे तोड़ने से हौसले नहीं तोड़े जा सकते… कुंडा अब गुलशन से ही गुलशन होगा। दरअसल, गुन्डा विधान सभा से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी  गुलशन यादव की गाड़ी पर अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया।



उन्होंने बताया कि उनके वाहनों पर पथराव किया गया। इसमें तीन गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुयी है और एक व्यक्ति के सिर में चोट आयी है।  यादव ने आरोप लगाया कि उक्त हमला जनसत्ता दल के अध्यक्ष और कुंडा से चुनाव लड़ रहे रघुराज प्रताप सिंह के इशारे पर कराया गया है।



घटना के सम्बंध में पूछे जाने पर कुंडा कोतवाली के इंस्पेक्टर ने बताया कि सपा प्रत्याशी की शिकायत में उनके वाहनों पर पथराव किये जाने की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि मामले की पड़ताल की जा रही है। बूथ केन्द पर शांति पूर्ण मतदान चल रहा है। 

Content Writer

Ramkesh