नई नवेली दुल्हन ने निभाया फर्ज, विदाई से पहले पहुंची वोट डालने

punjabkesari.in Monday, May 06, 2019 - 02:34 PM (IST)

कैसरगंजः लोकसभा चुनाव के 5वें चरण के तहत उत्तर प्रदेश की 14 सीटों पर मतदान सुबह 7 बजे से जारी है। लोगों में लोकतंत्र के महापर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। वहीं कैसरगंज में विदाई से पहले नई नवेली दुल्हन वोट डालने पहुंची। 

दुल्हन दीपशिखा पांडे अपनी मां, छोटी बहन और पिता के साथ वोट डालने पोलिंग बूथ पर पहुंची। दीपशिखा की मां ने कहा कि भले ही आज परिवार के लिए बेहद भावुक दिन है क्योंकि बेटी घर छोड़कर ससुराल जा रही है लेकिन देश और समाज के प्रति जिम्मेदारी इन भावनाओं से ऊपर है। वहीं दीपशिखा ने कहा कि मतदान देश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करता है, इसलिए विदाई से पहले मैंने अपना वोट डालना जरूरी समझा।

5वें चरण में धौरहरा, सीतापुर, मोहनलालगंज (सुरक्षित), लखनऊ, बांदा, फतेहपुर, कौशाम्बी (सुरक्षित), बाराबंकी (सुरक्षित), फैजाबाद, बहराइच (सुरक्षित), कैसरगंज, अमेठी, रायबरेली और गोंडा सीटों पर मतदान हो रहा है। इस चरण में केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और संप्रग प्रमुख सोनिया गांधी समेत कई सियासी महारथियों का राजनीतिक भाग्य तय होगा।

Deepika Rajput