विदाई से पहले वोट डालने पहुंची दुल्हन, कहा- मतदान हमारा अधिकार

punjabkesari.in Sunday, Nov 26, 2017 - 02:33 PM (IST)

गाजियाबादः उत्तर प्रदेश में आज दूसरे चरण के वोट डाले जा रहे हैं। जिसके चलते आज मोदीनगर में शीतल नाम की लड़की ने अपनी शादी होने के बाद अपनी विदाई से पहले अपने वोट का अधिकार समझते हुए मतदान किया। बता दें कि शीतल की शादी दिल्ली के सुलतानपुरी में हुई है। जहां एक तरफ सभी शादी में मशगूल थे, वहीं शीतल ने अपनी विदाई से पहले मतदान करके एक मिसाल कायम की है। वहीं नई दुल्हन ने लोगों से भी अपने मत का अधिकार प्रयोग करने की बात कही।

25 जिलों के 6 नगर निगम में होंगे आज मतदान
दूसरे चरण में लखनऊ समेत 25 जिलों के 6 नगर निगम, 51 नगर पालिका परिषद और 132 नगर पंचायत के लिए आज मतदान हो रहा हैं।

दूसरे चरण में मेयर, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष, पार्षद और सभासद के कुल 24,622 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं. इनमें 14, 966 पुरुष और 9, 656 महिला प्रत्याशी हैं।

लखनऊ, वाराणसी, मथुरा-वृंदावन, गाजियाबाद, इलाहाबाद और अलीगढ़ नगर निगम में मेयर पद के लिए 83 प्रत्याशी भाग्य आजमा रहे हैं। इन 6 नगर निगमों के 520 वार्डों में पार्षद पद के लिए 2767 पुरुष व 1577 महिला प्रत्याशी मैदान में हैं।

बता दें, कि मतदान 26 नवंबर को सुबह 7.30 बजे से शाम 5 बजे तक 4056 मतदान केंद्रों के 13,776 बूथों पर होगा। इसमें 1 करोड़ 29 लाख 2 हजार 689 मतदाता वोट डालेंगे। इनमें 69 लाख 37 हजार 469 पुरुष व 59 लाख 65 हजार 220 महिलाएं हैं।वहीं यूपी में तीन चरणों में 22, 26 और 29 नवम्बर को चुनाव हो रहे है, जबकि वोटों की गिनती 1 दिसंबर को होगी।