बृजभूषण शरण सिंह के इस बयान ने यूपी की राजनीति में मचाई हलचल, किया ये बड़ा ऐलान

punjabkesari.in Tuesday, Jan 27, 2026 - 12:42 PM (IST)

UP News: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद बृज भूषण शरण सिंह ने संकेत दिया कि वह 2029 का लोकसभा चुनाव अयोध्या सीट से लड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि अंतिम फैसला सही समय पर लिया जाएगा। साल 2029 के आम चुनावों के बारे में मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि अयोध्या से चुनाव लड़ने पर फैसला समय आने पर लिया जाएगा। 

बृजभूषण सिंह ने क्या कहा?  
बृजभूषण सिंह ने कहा कि पार्टी के पूर्व सांसद विनय कटियार अयोध्या से पार्टी के टिकट के हकदार है। साल 2029 के लोकसभा चुनाव में अयोध्या से टिकट देने की कटियार की मांग के बारे में सिंह ने कहा कि दावा करना कटियार का अधिकार है और इसमें कुछ भी असामान्य नहीं है। सिंह ने कहा, "अगर विनय कटियार टिकट मांग रहे हैं, तो यह उनका अधिकार है। वह पूरी तरह हकदार हैं," हाल ही में, अपने जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम में सिंह ने 2029 के लोकसभा चुनावों की तैयारियों का भी संकेत दिया था। उनके बेटे और मौजूदा भाजपा सांसद करण भूषण सिंह ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि वे दोनों 2029 के चुनावों में मैदान में होंगे। 

बता दें कि भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष और भाजपा नेता बृज भूषण शरण सिंह 2023 में नाबालिगों समेत कई महिला पहलवानों द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों के बाद राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में आए थे। शीर्ष भारतीय पहलवानों ने नयी दिल्ली में जंतर-मंतर पर लंबे समय तक विरोध प्रदर्शन किया और सिंह पर अनुचित व्यवहार व सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाया। विवाद के कारण, भाजपा ने उन्हें टिकट नहीं दिया और उनके बेटे को कैसरगंज सीट से मैदान में उतारा, जिन्होंने जीत हासिल की।  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static