नशे में धुत दूल्हे को देख भड़की दुल्हन, कहा- वापस ले जाओ बारात

punjabkesari.in Saturday, Nov 25, 2017 - 01:03 PM (IST)

सुल्तानपुरः सुल्तानपुर में एक दुल्हन का बारात वापस भेजने का मामला खुब सुर्खियां बटौर रहा है। इतना ही नहीं गांव के लोग दुल्हन के इस कदम के लिए उसकी सहारना करते नहीं थक रहे। हुआ यूं कि बीते शनिवार उक्त दुल्हन की शादी थी, जिसमें दुल्हा नशे में धुत खुद को संभाल नहीं पा रहा था। दुल्हन ने इतना देखते ही तुरंत उससे शादी करने से इनकार कर दिया और बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौटनी पड़ी।

क्या था मामला?
दरअसल मामला जिले के बल्दीराय थाना क्षेत्र का है। यहां के निवासी पूरे अमीर अली मजरे कस्बा माफियात गांव के रहने वाले हौसिला प्रसाद यादव की पुत्री की शादी इसी थाना क्षेत्र के सफलेपुर निवासी बृजनाथ यादव के बेटे के साथ तय हुई थी।

नशेड़ी दुल्हा देख भड़की दुल्हन
शनिवार को बारात गाजे-बाजे के साथ कस्बा माफियात पहुंची। भोजन के बाद जब शादी की रस्म पूरी करने के लिए दूल्हे को शादी के मंडप में लाया गया तो वह नशे में धुत मिला। दुल्हे की हालत यह थी कि वो खुद ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था। वहीं दूल्हे की इस हरकत से शादी समारोह में हंगामा मच गया। दुल्हन को जब इस बात की खबर लगी तो वह भड़क गई और उसने शराबी दूल्हे से शादी करने से इंकार कर दिया। दुल्हन के इस रुख को देखकर मौके पर सन्नाटा छा गया।

लाख कोशिश के बाद भी लौटी बारात
आनन-फानन में दोनों पक्षों के लोगों ने सुलह समझौते की कोशिशें कीं, लेकिन सारी कोशिशें बेकार साबित हुईं। दुल्हन ने बताया कि वह किसी शराबी को अपना पति नहीं बनाएगी। आखिरकार बारात बिन ब्याह ही लौटा दी गई। फिलहाल दुल्हन के इस साहसिक कदम की क्षेत्र में सराहना हो रही है।