दर्दनाक हादसाः भैया दूज पर यमुना में स्नान करने आए भाई-बहन डूबे, मौत

punjabkesari.in Saturday, Oct 21, 2017 - 04:28 PM (IST)

मथुराः उत्तर प्रदेश के मथुरा में भैया दूज के मौके पर यमुना नदी में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां नदी में डुबकी लगाने के दौरान भाई-बहन डूब गए। जिसके चलते दोनों की मौत हो गई। वहीं कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने दोनों के शव को बाहर निकाला।

जानकारी के मुताबिक मूल रूप से बिहार के रहने वाले महेश चंद शर्मा टाउनशिप में रहते थे। यम द्वितीया पर महेश चंद शर्मा की 24 वर्षीय पत्नी गौरी शर्मा अपने भाई भोला के साथ यमुना के कंपू घाट पर स्नान करने के लिए गए थे। भाई बहन यमुना में स्नान कर रहे थे तभी पैर फिसलने से दोनों नदी में डूब गए।

वहीं दोनों के डूबने से सभी लोग शोर मचाने लगे और गोताखोरों ने तुरंत यमुना में छलांग लगा दी और इन दोनों भाई बहनों को तलाशने की कोशिश की। जब तलाश में एक महिला मिली तो उसकी मौत हो चुकी थी मगर लगातार गोताखोर कोशिश करते रहे तो उस महिला के भाई की भी तलाश कर ली, लेकिन उसकी भी मौत हो चुकी थी।

मान्यता के अनुसार यम द्वितीया के दिन भाई-बहन मोक्ष की प्राप्ति के लिए यमुना में एक साथ स्नान करने आते हैं और यमराज जी के दर्शन करके अपने आप को सौभाग्यशाली समझते हैं। मगर यहां तो यमराज ने आर्शीवाद की जगह दोनों की जिंदगी ही छीन ली।

मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि जहां यह लोग स्नान कर रहे थे वह घाट पूरी तरीके से कच्चा है और वहां पर पानी लगभग 20 फुट है। इस कारण दोनों डूब गए और उनकी मौत हो गई। फिलहाल दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है।