छेड़खानी का विरोध करने पर भाई-बहन को कुएं में फेंका, गांव में मचा हडकंप

punjabkesari.in Thursday, Mar 30, 2017 - 06:13 PM (IST)

इलाहाबादः इलाहाबाद के उतरांव थाना क्षेत्र के बरेठी गांव में बीती शाम छेड़खानी के विरोध पर शोहदों ने सगे भाई-बहन को कुएं में फेंक दिया। घटना से इलाके में कोहराम मच गया। इलाके में भारी तनाव को देखते हुए पुलिस तैनात कर दी गई है। सैकड़ों लोगों की भीड़ ने आरोपियों की गिरफ्तारी के बिना दोनों शव देने से इनकार कर दिया था। देर रात तक पुलिस अधिकारी भीड़ को समझाने में जुटे रहे।

जानिए क्या हुआ
दरअसल बरेठी गांव के कन्हई लाल भारती की बेटी निशा (16) पास के ही एक इंटर कालेज में 11वीं की छात्रा थी। बीती शाम वह कुएं पर कुछ काम कर रही थी कि उसी दौरान पास ही के सैता गांव के 2 लड़के बाइक पर पहुंचे। दोनों निशा से छेड़खानी करने लगे। निशा के सबसे छोटे भाई कमलेश ने दूर से उन्हें देखा तो वह उनकी ओर बढ़ा। दो लड़के निशा का हाथ पकड़कर खींच रहे हैं। वह दौड़ा और लड़कों से कुएं पर ही हाथापाई होने लगी। आरोप है कि इसी दौरान दोनों लड़कों ने पहले निशा फिर राजेश को कुएं में फेंक दिया।

भड़के गांव वालों ने की तुरंत गिरफ्तारी की मांग
घटना के बाद दोनों लड़के वहां से भाग निकले। राजेश और निशा के कुएं में गिरने की सूचना से गांव में हाहाकार मच गया। घटना के वक्त न तो निशा की मां रामकली घर में थी न ही पिता कन्हई गांव। गांव वालों ने पुलिस को सूचना देकर दोनों शवों को बाहर निकाला। तब तक मां बाप और सबसे बड़ा भाई सुधीर मौके पर पहुंच गए थे। कुछ ही देर में वहां सैकड़ों की भीड़ इकट्ठी हो गई। एसओ उतरांव और कंट्रोल रूम की गाड़ी मौके पर पहुंची तो भीड़ भड़की हुई थी। वे आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। देर रात तक उन्होंने शव उठाने नहीं दिया था। पुलिस अधिकारी उन्हें समझाने में जुटे थे।

फिलहाल पुलिस को तहरीर नहीं मिली: एसपी
वहीं एसपी गंगापार मुन्ना लाल का कहना था कि मामले की जांच कराई जा रही है। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस को तहरीर नहीं मिली है। घर वाले जिसे आरोपी बनाएंगे, उन्हें नामजद कर दिया जाएगा।