Bareilly Crime News: बहन की डोली से पहले उठी भाई की अर्थी, बारात देखने गए भाई की हत्या, परिवार में मचा कोहराम

punjabkesari.in Thursday, Apr 25, 2024 - 10:16 PM (IST)

बरेलीः अलीगंज में एक युवक की हत्या कर शव को सड़क पर फेंककर आरोपी फरार हो गए। मृतक के परिवार वालों को ज़ब इसका पता चला तो कोहराम मचा गया। आज मृतक की बहन की बारात आना है। उसकी मौत की खबर से खुशियां मातम में बदल गईं। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

अशोक की बहन की आनी थी बारात 
जानकारी के अनुसार थाना अलीगंज जोगी ठेर निवासी अशोक 30 स्वर्गीय राजाराम बजीरगंज में गैस एजेंसी पर काम करते थे। रात को आठ बजे वह घर से निकला। 11 बजे के समय गांव के बच्चों ने बताया कि वह गांव में हरपाल, सेवाराम, देशराज की दुकान के मकान के पास उसका शव पड़ा हुआ है। उसका सिर फटा पड़ा था। जब परिवार को इसका पता चला तो कोहराम मचा गया। अशोक की बहन कविता की आज नीमटोली बजीरगंज से बारात आ रहीं थी। घर में बारात की तैयारी चल रहीं थी। उसकी मौत की खबर से खुशियां मातम में बदल गई।

पड़ोस में बरात आई थी देखने रात में घर से निकला था अशोक 
मृतक के भाई संजीव ने बताया कि बृहस्पतिवार को उनकी बहन की बरात आनी है। इस लिहाज से घर में तैयारी चल रही थी। बुधवार रात पड़ोस में भी बरात आई थी। अशोक उसी बरात को देखने रात में घर से निकला था। थोड़ी देर बाद उन्हें सूचना मिली कि अशोक को चोट लगी है। वह सड़क पर पड़ा है। परिजन तुरंत मौके पर पहुंच गए। उन्होंने अशोक को मृत पाया।

हत्या की वजह तलाशने में जुटी पुलिस
एसओ अलीगंज अजय शुक्ला को हत्या की सूचना दी। पुलिस हत्या की वजह का पता करने में जुटी है। मृतक के भाई ने किसी रंजिश से इंकार किया। उन्होंने हत्या का आरोप लगाया है। अशोक गैस एजेंसी पर काम करता था। बहन की शादी के दिन उसकी हत्या से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण भी स्तब्ध है। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Content Writer

Ajay kumar