जमीनी विवाद को लेकर भाईयों ने भाई को उतारा मौत के घाट

punjabkesari.in Wednesday, Mar 14, 2018 - 11:28 AM (IST)

शाहजहांपुरः उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में एक बार फिर रिश्तों का कत्ल हुआ है। जहां सगे भाईयों ने भाई को पीट-पीट कर मौत के घाट उतार दिया है। अानन-फानन में उसे जिला अस्पताल भर्ती कराया गया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में ले लिया है।

जानिए पूरा मामला 
जानकारी के मुताबिक मामला मदनापुर थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव का है। यहां के निवासी 3 भाईयों का अपने ही सगे भाई से विवाद हो गया। जिसके चलते मामूली कहासुनी ने गंभीर विवाद का रूप ले लिया। दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने लगे। दोनों पक्षों ने एक दूसरे की जमकर पिटाई की। इस विवाद के दौरान बीच बचाव करने आए परिजन भी बुरी तरह से घायल हो गए। जिन्हें जिला अस्पताल भर्ती कराया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान एक भाई की मौत हो गई।

भाईयों में हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि जमीनी विवाद के चलते भाईयों में विवाद हुआ था। वहीं अस्पताल में भर्ती मृतक के बेटे रविन्द्र ने बताया कि उसके चाचा लोगों ने उसकी जमीन पर कण्डे की बठिया लगा दी थी। कई बार बठिया हटाने को लेकर कहा गया, लेकिन बठिया नहीं हटाई गई। मंगलवार को बठिया हटाने को लेकर विवाद हो गया और आरोपियों ने डंडे से पीट-पीट कर उनके पिता की हत्या कर दी।

क्या कहती है पुलिस
वहीं पुलिस ने मृतक के शव को मॉर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वहीं एसपी कमल किशोर का कहना है कि इस मामले की जांच की जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा। उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।