दरिंदगी की इंतहा: ठाकुरगंज में अगवा कर मासूम बच्चे की बेरहमी से हत्या

punjabkesari.in Sunday, Apr 29, 2018 - 02:33 PM (IST)

लखनऊ: राजधानी में लूट, डकैती व हत्या जैसी हो रही संगीन वारदातों का सिलसिला थम नहीं रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ठाकुरगंज क्षेत्र स्थित गढ़ीपीर खां में एक शादी समारोह में बैंडबाजा बज रहा था और घराती-बराती खुशी के माहौल में डूबे हुए थे। शुक्रवार को रात के अंधेरे में मां के साथ गए 3 वर्षीय मासूम रिषभ को इसी शोर-शराबे का फायदा उठाकर अगवा कर लिया गया। सुनसान खेत में ले जाकर बेखौफ दरिंदों ने मासूम की बेरहमी से हत्या कर दी।

इस सनसनीखेज वारदात का करीब 10 घंटे बाद शनिवार की सुबह तब पता चला जब मासूम का खून से लथपथ शव खेत में पड़ा मिला। घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मासूम के शरीर पर घाव ही घाव थे और उसके तन पर कपड़े नहीं थे। शरीर को कुत्ते नोच रहे थे। सुबह शौच के लिए निकले स्थानीय लोग यह मंजर देख दंग रह गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ए.एस.पी. पश्चिमी विकास चंद्र त्रिपाठी का कहना है कि पीड़िता की तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की गहनता से पड़ताल शुरू कर दी गई है। पुलिस ने नामजद आरोपितों में से कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया है।

पति व जेठानी समेत ससुरालजनों पर लगाया हत्या किए जाने का आरोप
इस मामले में बच्चे की मां खुशबू ने पति, जेठानी सहित अन्य ससुरालीजनों पर बेटे की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। खुशबू ने बताया कि उसके पति और जेठानी के अवैध संबंध है जिसके चलते इससे पहले भी चौक थाने में खुशबू के द्वारा अपने पति के खिलाफ  एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर पति समेत कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया है।

क्या है पूरा मामला?
पारा क्षेत्र स्थित सदरौना निवासी खुशबू शुक्रवार की देर शाम ठाकुरगंज स्थित गढ़ीपीर खां स्थित अपने मायके में शादी समारोह में अपने मासूम बेटे रिषभ को साथ लेकर गई थी। बताया जा रहा है कि शादी समारोह में बाराती-घराती खुशी के माहौल में थे और मंच पर दूल्हा व दुल्हन एक-दूसरे के गले में जयमाल डाल रहे थे तब तक मासूम रिषभ वहां पर मौजद था, लेकिन इसी शोर-शराबे के बीच वह अचानक गायब हो गया।

कुछ देर गुजरने के बाद मां खुशबू को अपने लाडले रिषभ की याद आई और उसे ईधर-उधर तलाशने लगी, लेकिन वह नहीं मिला। इसे लेकर खुशबू ने अपने मायके वालों को बताया। बेटे के लापता होने की खबर मिलते ही मायके वाले खुशबू के साथ उसकी खोजबीन करने में जुट गए लेकिन सफलता नहीं मिली, लिहाजा खोजते-खोजते पूरी रात गुजर गई। सुबह हुई कि किसी ने बताया कि वहीं के रहने वाले राजा के खेत में एक मासूम बच्चे की लाश पड़ी है। यह सुनते ही खुशबू मायके वालों के साथ मौके पर गई तो बेटे की दशा देख बेसुध हो गई। बच्चे के शरीर पर कई जगह गहरे घाव के निशान थे।

Anil Kapoor