BSP नेता हत्याकांड मामलाः आरोपी डॉक्टर मुकुल की गिरफ्तारी के बाद अस्पताल में बवाल

punjabkesari.in Thursday, Oct 05, 2017 - 01:49 PM (IST)

इलाहाबादः बसपा नेता राजेश यादव की हत्या मामले में पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। पुलिस ने नामजद आरोपी डॉ मुकुल सिंह को स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल से गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि डॉ मुकुल की तबीयत बिगड़ने के कारण उन्हें अस्पताल में ही पुलिस निगरानी में रखा गया है।

गिरफ्तारी से अस्पताल में बवाल
वहीं दूसरी ओर डॉ मुकुल के समर्थन में स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल के डॉक्टर विरोध पर उतर आए हैं। जूनियर डॉक्टरों ने इलाज बंद कर दिया है और हड़ताल पर चले गए हैं। आक्रोशित डाक्टरों ने मुकदमे के विरोध में एसआरएन अस्पताल के बाहर दवा की दुकाने भी बंद करा दी हैं। बवाल देखते हुए सुरक्षा बड़ा दी गई है।

डॉक्टरों ने प्रशासन के खिलाफ खोला मोर्चा
शाम से ही मरीजों को वापस कर दिया। अस्पताल के बाहर दवा की निजी दुकाने भी बंद कर दी गई हैं। जूनियर डॉक्टरों के कार्य बहिष्कार के कारण शहर की चिकित्सा व्यवस्था चरमरा गई है। इमरजेंसी सहित सामान्य वार्ड में भर्ती मरीजों का दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। जूनियर डॉक्टरों का आरोप है कि, डॉक्टर मुकुल का पुलिस उत्पीड़न कर रही है।

डॉक्टर मुकुल की बिगड़ी तबीयत, सुरक्षा बड़ी
वहीं पुलिस के अनुसार डॉक्टर मुकुल की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें इलाज के लिए स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में ही भर्ती कराया गया। बता दें कि मुकुल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया, लेकिन इंफेक्शन की शिकायत व तबीयत बिगड़ने पर पुलिस मुकुल को थाने नहीं ले जा सकी। आरोपी को अस्पताल में ही पुलिस निगरानी में रखा गया है। पूरी संभावना है कि मुकुल के समर्थन में स्थानीय डॉक्टरों का संगठन मोर्चा खोल सकता है।

इस बाहुबली विधायक पर भी है हत्या का आरोप
फिलहाल पुलिस मामले को नियंत्रण में रखने के लिए परिजनों से बातचीत कर रही है। उल्लेखनीय है कि बीते सोमवार बसपा नेता राजेश की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जिसके बाद शहर में जमकर बवाल हुआ। मामले में राजेश की पत्नी मोनिका ने डॉ मुकुल के विरूद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। जबकि बाहुबली विधायक विजय मिश्रा पर भी हत्या का आरोप लगा है।