बसपा नेता राजेश यादव की हत्या का खुलासा, पुलिस ने 2 अभियुक्तों काे किया गिरफ्तार

punjabkesari.in Monday, Oct 23, 2017 - 06:54 PM (IST)

इलाहाबाद(सैयद आकिब रजा): इलाहाबाद में हुई बसपा नेता राजेश यादव की हत्या का खुलासा पुलिस ने कर लिया है। हत्या करने वाले दो अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार भी किया है। पुलिस अब इनके और साथियों की तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस ने जब सीसीटीवी के आधार पर लोगों से पूछताछ की तब हत्या की वजह महज मामूली विवाद निकली । हत्या का कारण राजेश यादव की गाड़ी को रास्ता न देने पर लड़कों से बहस के बाद गोली मारना बताया जा रहा है। हत्या के बाद सुबह राजेश यादव के समर्थकों ने जमकर तोड़फोड़ और आगजनी की थी।

इस वजह से हुई हत्या
गाैरतलब है कि 2 अक्टूबर की रात बसपा नेता राजेश यादव डॉक्टर मुकुल सिंह के साथ ताराचंद हॉस्टल से रात लौट रहे थे तभी यूनिवर्सिटी में होने वाले छात्रसंघ चुनाव के चलते लड़कों का झुंड निकल रहा था। वहीं ताराचंद हॉस्टल से अपनी सफारी गाड़ी से डॉक्टर मुकुल के साथ निकल रहे राजेश यादव ने लड़कों से रास्ता मांगा, जिसकी वजह से बहस बाजी हुई तो लड़को ने राजेश यादव को गोली मार दी और फरार हो गए। दोनों अभियुक्त प्रतापगढ़ से एक चुनावी कार्यालय के उद्घाटन में आये थे।

डॉक्टर मुकुल सिंह के नार्को टेस्ट कराने की तैयारी
पुलिस मृतक राजेश यादव के साथ रहे डॉक्टर मुकुल सिंह के नार्को टेस्ट कराने का भी मन बना रही है क्योंकि हत्या के समय वो साथ मे थे और उन्हें कोई चोट नहीं आई थी। पुलिस अब और जांच करवा कर सही मुल्जिमो को तलाशने में जुटी है।