बृजभूषण शरण सिंह के बचाव में उतरे BSP सांसद, कहा- वह ऐसे चरित्र के व्यक्ति नहीं

punjabkesari.in Saturday, Jan 21, 2023 - 05:56 PM (IST)

जौनपुर (जावेद अहमद) : अक्सर अपने बयानों से चर्चा में रहने वाले BSP  के सांसद श्याम सिंह यादव कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष व BJP सांसद बृजभूषण शरण सिंह के बचाव में उतर आए हैं। शनिवार को मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि उनके ऊपर लगाए गए आरोप गलत है। वह उनसे कई बार मिले हैं। वह ऐसे चरित्र के व्यक्ति नहीं हैं।

खिलाड़ियों को WFI पर भरोसा रखना चाहिए
बृजभूषण सिंह का समर्थन करते हुए BSP सांसद श्याम सिंह यादव ने कहा कि खिलाड़ियों को अपने संघ पर भरोसा रखना चाहिए। उनका इस प्रकार से कहना कि वह संघ के अध्यक्ष को जेल भिजवा कर रहेंगे। यह पूरे तरीके से अमर्यादित है। इस दौरान बसपा सांसद ने केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके पास खेल मंत्रालय के लिए समय ही नहीं है। वह सिर्फ सूचना प्रसारण मंत्रालय में ही समय देते हैं। इससे खेल का बेड़ा गर्क हो रहा है।

राहुल गांधी अब पप्पू नहीं
भारत जोड़ो यात्रा में हिस्सा ले चुके सांसद श्याम सिंह यादव ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की तारीफ करते हुए कहा कि राहुल गांधी अब पप्पू नहीं हैं। उन्होंने बहुत कुछ सीख लिया है। अगले चुनाव में राहुल गांधी प्रधानमंत्री पद का चेहरा होंगे। भारतीय जनता पार्टी चाहे जितनी भी यात्रा और बैठकें कर ले, 2024 में उसकी स्थिति बदतर होने वाली है। भाजपा सिर्फ लोगों को झूठे सपने दिखाना जानती है। उसके पास लोगों को दिखाने के लिए कोई बड़ा काम नहीं है। महंगाई, बेरोजगारी, गरीबी व झूठे प्रचार से थक गई हैं। आने वाला चुनाव देश का भविष्य तय करेगा और मुझे पूरा उम्मीद है कि जनता अच्छे नेता को ही वोट देगी। 

Content Editor

Prashant Tiwari