कानून बनाकर कराएं राम मंदिर निर्माण वरना परिणाम होंगे प्रतिकूल: तोगड़िया

punjabkesari.in Sunday, Oct 21, 2018 - 08:05 PM (IST)

लखनऊ: अयोध्या में विवादित रामजन्मभूमि पर भव्य राम मंदिर के निर्माण की मांग को लेकर अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद (अहिप) के प्रवीण तोगड़िया ने रविवार को केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार को चेतावनी दी कि उसे इस मसले का समाधान कानून बनाकर करना होगा अन्यथा परिणाम उनके पक्ष में नही होंगे। अयोध्या कूच की तैयारी में लगे तोगड़िया ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा मोदी ने प्रधानमंत्री बनने के बाद एक बार भी राम का नाम नहीं लिया। हम चेतावनी देना चाहते हैं कि अगर राम मंदिर का निर्माण कानून बनाकर शुरू नहीं हुआ तो हम प्रधानमंत्री भी बदल सकते हैं। जो राम का सम्मान न कर सके वह किसी काम का नहीं है।

उन्होंने कहा कि मंदिर के लिए संघर्ष काफी पुराना हो चुका है। मोदी से पहले मंदिर निर्माण की चुनौती पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी, नरसिंह राव और अटल विहारी वाजपेयी के सामने भी थी। यह करोड़ों हिन्दुओं की आस्था से जुड़ा विषय है। अहिप नेता ने कहा कि यह सिर्फ मंदिर का मामला नहीं है। हम मंदिर तो सरयू पार बना सकते हैं लेकिन क्या श्रीराम की जन्मभूमि वहां से 100 मीटर खिसका सकते हैं।

हिंदुओं का खोया हुआ गौरव और सम्मान पाने के लिए हम इकट्ठे हुए हैं। यह सपना अशोक सिंघल सरीखे करोड़ों हिंदुओं का है। यह सपना मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और महंत अवैद्यनाथ का भी है। उन्होंने कहा कि हजारों साल से हिन्दू समाज राम मंदिर की लड़ाई लड़ रहा है। 1984 में हमने मंदिर आंदोलन शुरू किया तब भी मामला न्यायालय में था। तब किसी भाजपाई ने नहीं कहा था कि मामला अदालत में विचाराधीन है। उस दौरान लाल कृष्ण आडवाणी ने रथ यात्रा निकाली थी।

Anil Kapoor