बुलंदशहर: पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार का ईनामी बदमाश गिरफ्तार, अंधेरे का फायदा उठाकर साथी फरार

punjabkesari.in Sunday, Nov 20, 2022 - 04:56 PM (IST)

बुलंदशहर (वरुण शर्मा) : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अपराध और अपराधी के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर यूपी पुलिस ने ऑपरेशन लंगड़ा चला रखा है। इसके अंतर्गत बदमाशों को पैर में गोली मारकर घायल करने के बाद उसे पकड़ती है। इन दिनों बुलंदशहर को अपराध मुक्त बनाने के लिए जिला पुलिस ने ऑपरेशन लंगड़ा को तेज कर दिया है। इसी क्रम में शनिवार व रविवार की दरमियानी रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में पुलिस ने 50 हजार का इनामी बदमाश को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया है। जबकि दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

50 हजार का इनामी था आरोपी
आपको बता दे कि खुर्जा कोतवाली नगर क्षेत्र इलाके में कुछ दिन पहले राजकुमार नाम के व्यापारी का घर से दुकान जाते समय अपहरण कर लिया गया था। जिसके बाद पुलिस ने व्यापारी को सकुशल बरामद कर लिया था। पुलिस इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही थी। जिसमें सोनू नाम के युवक का नाम प्रकाश में आया था। पुलिस ने आरोपी सोनू पर 50 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया गया था।

चेकिंग के दौरान हुआ मुठभेड़
शनिवार की देर रात मुखबिर की सूचना मिलने के बाद खुर्जा नगर पुलिस पंचवटी गंदे नाले पर चेकिंग कर रही थी। उसी दौरान एक बाइक सवार को जब पुलिस ने रोका तो आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में फायरिंग कर एक आरोपी को घायल कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने घायल को गिरफ्तार किया तो पता चला कि आरोपी खुर्जा नगर थाना क्षेत्र का इनामी सोनू है। जिसका पुलिस पहले से ही तलाश कर रही थी। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया। जबकि दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। इस मामले में बुलंदशहर SSP श्लोक कुमार ने बताया कि मुठभेड़ में एक 50 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया गया है। जबकि दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लेगी। 

Content Editor

Prashant Tiwari