BJP कार्यकर्त्ताओं ने होर्डिंग्स में भगवान शिव के चित्र पर PM मोदी का चित्र लगवाया

punjabkesari.in Tuesday, Aug 23, 2016 - 03:07 PM (IST)

बुलन्दशहर: भाजपा कार्यकर्त्ताओं ने शहर में जगह-जगह शिवरात्रि व स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाओं के होर्डिंग्स लगवाए हैं। इनमें भगवान शिव के फोटो में मोदी को निकलते हुए दिखाया गया है जिसको लेकर कांग्रेसी कार्यकर्त्ताओं ने जमकर हंगामा करते हुए भाजपा कार्यकर्त्ताओं पर कार्रवाई की मांग की। 

कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सुभाष गांधी ने भाजपा पर जमकर हमला बोला और कहा कि भाजपा धर्म के नाम पर देवी-देवताओं को भी नहीं छोड़ रही है, इससे पूर्व कांग्रेस की एक बैठक का आयोजन जिला कार्यालय पर किया गया जिसकी अध्यक्षता पार्टी के जिलाध्यक्ष सुभाष गांधी ने की तथा संचालन शहर अध्यक्ष मुनीर अकबर ने किया।

कार्यकर्त्ताओं को सम्बोधित करते हुए सुभाष गांधी ने कहा कि भाजपा देश में साम्प्रदायिकता की राजनीति कर रही है तथा देश का माहौल खराब करने की कोशिश कर रही है जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एक तरफ तो यह देश भक्ति की बातें करते हैं और अपने कार्यालय पर उलटा तिरंगा फहराते हैं। अब उलटा तिरंगा फहराकर यह देश भक्ति कर रहे हैं या देश द्रोह का कार्य कर रहे हैं यह तो जनता ही तय करेगी।

वहीं भाजपा के कार्यकर्त्ताओं ने जगह-जगह जो होर्डिंग्स शुभकामनाओं के लगा रखे हैं उसमें भगवान शिव के चित्र में मोदी का चित्र लगा रखा है जोकि हिन्दू भावनाओं के साथ ठेस पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। वहीं नवयुग समिति के जिलाध्यक्ष जमशेर ने भी भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन किया और कहा कि एक तरफ तो भाजपा के लोग हिन्दुत्व व देश भक्ति का ढोंग करते हैं वहीं दूसरी तरफ धार्मिक भावनाओं को आहत करने का कार्य भी करते हैं। वहीं भाजपा नेता दिनेश कुमार का कहना है कि इन होर्डिंग्स को उतरवा दिया जाएगा।