बुलंदशहर: देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, 3 बदमाश गिरफ्तार

punjabkesari.in Thursday, Nov 29, 2018 - 11:52 AM (IST)

बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के सिकंदराबाद क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। जिसमें कार सवार 3 बदमाश घायल हो गए जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनके 2 साथी भागने में सफल रहे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के बी सिंह ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि देर रात सूचना मिलने पर पुलिस दन्कौर सीमा पर चेकिंग कर रही थी। इस दौरान कार सवार बदमाशों को उन्होंने घेर लिया। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर गोली चला दी और भागने का प्रयास किया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की जिसमें 3 बदमाश घायल हो गए जबकि उनके 2 साथी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए। इस दौरान एक पुलिस कांस्टेबल अनेक सिंह भी चोटिल हुआ है।

घायल बदमाशों को पकड़ लिया गया है। पकड़े गए बदमाशो में हापुड़ निवासी सोनू, अमरोहा के गजरौला निवासी विशम्भर और अलीगढ़ निवासी नजरुद्दीन शामिल हैं। घायलो के पास से 2 तमंचे,2 पिस्टल और काफी कारतूस बरामद किए गए हैं। घायल बदमाशों को अस्पताल भेज दिया गया है। सिंह ने बताया कि इन बदमाशों के खिलाफ लूट हत्या आदि के 28 मामले दर्ज हैं। पुलिस फरार बदमाशों की तलाश कर रही है।

Anil Kapoor