बुलंदशहर: भागवत कथा सुनने गई नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप, बेहोश कर दरिंदों ने घटना को दिया अंजाम, आरोपी गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, Jul 12, 2022 - 07:02 PM (IST)

बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के अहार थाना इलाके में एक नाबालिग लड़की के साथ दो युवकों द्वारा कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किये जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अहार थाना इलाके के एक गांव की रहने वाली नाबालिग लड़की के पिता ने मंगलवार को बताया उसकी बेटी सोमवार शाम मंदिर पर भागवत कथा सुनने गई थी और वहां से वह शौच करने के लिए पास के जंगल में गई, जहां एक लड़के ने उसका मुंह भींच लिया और लड़की ने शोर मचाने की कोशिश की तो उसके मुंह पर फूंक से कुछ मार दिया जिससे वह बेहोश हो गई। फिर दोनों लड़के लड़की को उठाकर ले गए और उसके साथ बलात्कार किया।

पिता ने सोमवार देर रात करीब दो बजे थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई जिसके आधार पर आरोपी कालू और सचिन को गिरफ्तार कर लिया गया। अनूपशहर की पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अन्विता उपाध्याय ने मंगलवार को बताया कि थाना अहार पर मिली तहरीर के मुताबिक 11 जुलाई की शाम छह बजे के करीब एक पंद्रह साल की लड़की से दो लोगों ने बलात्कार किया है, जिनकी उम्र 20-21 के साल के करीब है। उन्होंने कहा कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
 

Content Writer

Mamta Yadav