बुलंदशहर गैंगरेप: IPS अधिकारी बनना चाहती है गैंगरेप पीड़िता

punjabkesari.in Thursday, Aug 04, 2016 - 12:24 PM (IST)

बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर हाईवे पर गैंगरेप का शिकार हुई बालिका ने अपनी इच्छा जाहिए की है। 14 वर्षीय पीड़िता ने बताया कि वह बड़ी होकर आईपीएस अधिकारी बनना चाहती है। लड़की की इच्छा जानकर पुलिस अधिकारी भी चकित हैं। अधिकारियों के मुताबित युवती के पास लडऩे का जज्बा है और वह घिनौनी घटना का शिकार होने के बाद भी टूटी नहीं है। 

 
IPS बनना चाहती है बच्ची
सामूहिक दुष्कर्म की शिकार 14 वर्षीय बालिका ने पिछले साल 8वीं कक्षा में 86 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। उसका लक्ष्य आईपीएस अधिकारी बनने का है। घटना के बाद से वह सदमे में है।
 
ना चाहते हुए भी ढंकना पड़ता है मुंह
युवती ने बताया कि किसी भी नेता के घर में घुसने पर उसे ना चाहते हुए भी अपना मुँह ढंकने को कहा जाता है। इससे उसे काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। एक काउंसलर ने कहा कि वह पीड़ित और उसके घरवालों को सहानुभूति दे रहें हैं, ताकि वे आपबीती आसानी से उनके साथ बांट सकें। 
 
 
गुनाहगारों को अपने हाथों देना चाहती हैं फांसी
वहीं गैंगरेप का शिकार हुई युवती की मां ने कहा है कि वो गुनहगारों को अपने हाथों से फांसी देना चाहती है। उन्होंने कहा कि मुझे नेताओं पर यकीन नहीं है। मैं चाहती हूं कि मेरी बेटी का भविष्य सुरक्षित किया जाए। महिला ने पुलिस और सरकार पर भी गैर जिम्मेदाराना रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उसने कहा कि पुलिस अब तक सिर्फ तीन आरोपियों को ही गिरफ्तार कर पाई है। 
 
मुख्य आरोपी पर इनाम घोषित
इस मामले के मुख्य आरोपी सलीम पर पुलिस ने 15 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। पुलिस सलीम बावरिया गैंग के तीन आरोपियों को अभी तक गिरफ्तार कर चुकी है। मेरठ जोन के आईजी सुजीत पांडे ने कहा- हमने पीड़िताओं को सलीम के फोटोग्राफ्स दिखाए तो उन्होंने उसे पहचान लिया। 
 
बहुत ही खराब था डॉक्टर का व्यवहार 
महिला ने बताया की जिस डॉक्टर ने उनका मेडिकल टेस्ट किया उसका व्यवहार बहुत ही ‘कठोर’ था। उसने पीड़िता से ऐसे सवाल किए जो उचित नहीं थे। सोमवार को राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा तलब किए गए डॉक्टर ने ही 14 साल की पीड़ित की भी जांच की। 
 
क्या था मामला? 
ज्ञात रहे कि 30 जुलाई की रात महिला और उसकी नाबालिग बेटी के साथ बुलंदशहर हाईवे के पास गैंगरेप किया गया था। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।