बुलंदशहर हिंसा बाबरी विध्वंस की बरसी से पहले एक सुनियोजित घटनाः DGP

punjabkesari.in Wednesday, Dec 05, 2018 - 12:20 PM (IST)

लखनऊः उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में सोमवार को गोवंश को लेकर हुई हिंसा पर डीजीपी ओपी सिंह ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यह घटना लॉ एंड आर्डर का मुद्दा नहीं है, बल्कि बाबरी विध्वंस की बरसी 6 दिसंबर से पहले एक सुनियोजित घटना है। इसके पीछे बहुत बड़ी साजिश है।

उन्होंने कहा कि हम इस घटना की गंभीरता से जांच कर रहे हैं कि आखिर क्या बात थी। इस घटना के लिए 3 दिसंबर का ही दिन क्यों चुना गया? क्यों गाय को काटा गया? उनके पीछे मंशा क्या थी? एक जगह गोमांस को क्यों रखा गया? इन सब चीजों पर हम विचार करेंगे। इसी वजह से हमने अपनी एजेंसी को लगाया है। पहले साजिश का पता लगाना है और देखना है कि क्या वजह थी। इसे कानून व्यवस्था की घटना समझ कर छोड़ देंगे तो हम तह तक नहीं जा पाएंगे। हमारा पूरा प्रयास होगा इस घटना के पीछे कौन से तत्व थे जिन्होंने इस स्थान को चुना? उनकी क्या रणनीति थी? इन सब चीजों की बारीकी से जांच करेंगे।

इसके अलावा उन्होंने बताया कि इस मामले में दंगा फैलाने और हत्या के मामले में दो दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इनमें से 27 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी तथा 50 से 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।  हिंसा में शामिल लोगों की गिरफ्तारी की जा रही है।

Ruby