बुलंदशहर: महिला के शव की शिनाख्त, प्रेमी इरशाद ने की थी गला घोंटकर हत्या, जानिए वजह?

punjabkesari.in Monday, Oct 12, 2020 - 04:01 PM (IST)

बुलंदशहर: कोतवाली क्षेत्र के दिल्ली बदायूं हाईवे पर स्थित नीम नदी पुल की झाडिय़ों में गुरुवार शाम मिले 35 वर्षीय अज्ञात महिला के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। डिबाई पुलिस ने शादीशुदा हत्यारोपी प्रेमी इरशाद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में युवक ने बताया कि महिला उससे शादी का दबाव बना रही थी। युवक के मुताबिक महिला एक बार उससे 26 हजार रुपये ले चुकी थी। इसके बाद भी वह उसे बार बार ब्लैकमेल कर रही थी जिसकी वजह से उसने इस वारदात को अंजाम दिया।



पुलिस अधिकारी ने बताया कि 13-8-2020 को एक अज्ञात महिला का शव मिला था। जिसकी गला घोंटकर हत्या की गई थी। थाना डिबाई पुलिस ने इस संबंध में महिला की पहचान सुनिश्चित की तो पता चला कि महिला अपने पति से अलग होकर मायके में रह रही थी। यहां इसका अवैध संबंध इरशाद नाम के व्यक्ति से हो गया। जिसके खेतों पर यह काम करने जाया करती थी। करीब ढाई साल तक दोनों के बीच अवैध संबंध रहे। जब इरशाद को लगा कि महिला उसके लिए सिरदर्द बन गई है, उसके ऊपर शादी का दबाव बनाने लगी तो इसे घुमान के बहाने मोटर साईकिल पर बैठाकर डिबाई थानाक्षेत्र में ले गया। देर रात तक घुमाता रहा, रात 12 बजे के आसपास दोनों नदी के किनारे पुल के पास बैठकर दोनों बातें करते रहे। इस दौरान युवक महिला के दुपट्टे से उसका गला घोटकर हत्या कर दी। अभियुक्त इरशाद की गिरफ्तारी कर ली गई है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है। 

Ajay kumar