भाजपा नेता पर जनलेवा हमला करने वाले बदमाशों की तलाश, नहीं मिला अभी कोई सुराग

punjabkesari.in Friday, Aug 12, 2016 - 12:26 PM (IST)

गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद के मुरादनगर क्षेत्र में कल देर शाम भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता बृजपाल तेवतिया पर जानलेवा हमला करने वाले बदमाशों की पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है लेकिन अभी तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिला है। इस हमले में तेवतिया समेत छह लोग घायल हो गये थे। शुक्रवार को हमलावरों की 2 कार बरामद की गई है।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि बदमाशों ने तेवतिया पर एके-47 से हमला किया। घटना के बाद बदमाश हथियारों से भरा बैग मोदीनगर इलाके में फेंक गये जिसमें एक एके 47 तथा दो पिस्टलों के अलावा बड़ी संख्या में कारतूस मिले हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है। 

गौरतलब है कि रात करीब 8 बजे तेवतिया अपने अंगरक्षक एवं चार साथियों के साथ मुरादनगर से कविनगर गाजियाबाद अपने वाहन से आ रहे थे। रावली मार्ग पर रात करीब आठ बजे टेलीफोन एक्सचेंज के पास एक अन्य वाहन सवार बदमाशों ने उनकी कार पर स्वचालित हथियारों से फायरिंग करना शुरु कर दिया। इस घटना में तेवतिया के अलावा रामपाल, अशोक सिंह, मोहकम सिंह, इन्द्रपाल और विपिन सिंह घायल हो गये। सभी घायलों को सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन तेवतिया और उनके एक साथी की हालत गंभीर होने पर उन्हें नोएडा के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनकी हालत नाजुक है। तेवतिया गृहमंत्री राजनाथ सिंह के करीबी हैं।