हत्या-आत्महत्या में उलझी पुलिस! झांसी में मंदिर के पास मिली युवती की जली लाश, प्रेमी की सगाई से थी नाखुश

punjabkesari.in Friday, Aug 19, 2022 - 05:18 PM (IST)

झांसी: उत्तर प्रदेश में झांसी जिले में टोडीफतेहपुर थानाक्षेत्र में शुक्रवार की सुबह एक मंदिर के पास से युवती की जली लाश मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार टोडीफतेहपुर थानाक्षेत्र के महेबा गांव में मंदिर में सुबह पूजा अर्चना के लिए पहुंची महिलाओं ने पास ही में एक लड़की की जली हुई लाश दिखायी दी। महिलाओं ने गांव में और ग्रामीणों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल पर पेट्रोल की बोतल भी बरामद की गयी।

लड़की की पहचान अंजू यादव (20) पुत्री सुखनंदन यादव के रूप में की गयी है। ग्रामीण इसे प्रेम प्रसंग का मामला बता रहे हैं। लड़की के परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर इस हत्या का आरोप लगाया है।सूत्रों के अनुसार युवक और अंजू के बीच दो तीन वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था लेकिन इसी बीच कुछ समय पहले युवक की सगाई तय हो गयी जिसके बाद से अंजू काफी दुखी रहने लगी थी। इस प्रकार मामला आत्महत्या और हत्या के बीच फंसता नजर आ रहा है लेकिन फिलहाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। इस मामले में पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी शुरू कर दी है।       

इस बीच खबर लिखे जाने तक पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गये और घटनास्थल का मुआयना किया है। पूरे घटनाक्रम पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शिवहरि मीणा ने कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी गयी है और जल्द ही दोषी को गिरफ्तार कर घटना का पटाक्षेप किया जायेगा।

Content Writer

Mamta Yadav