उपचुनाव : नेताजी की सीट जीतने के लिए भाजपा ने झोंकी ताकत, प्रत्याशी के प्रचार के लिए आधी रात में मैनपुरी पहुंचे डिप्टी सीएम

punjabkesari.in Friday, Nov 25, 2022 - 01:47 PM (IST)

मैनपुरी (आशीष सक्सेना) : सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद खाली हुई मैनपुरी लोकसभा की सीट पर हो रहे उपचुनाव में भाजपा सपा को किसी भी प्रकार से बढ़त नहीं बनाने देना चाहती। भाजपा ने सपा के टिकट पर कई बार सांसद व विधायक रह चुके रघुराज शाक्य को अपना प्रत्याशी बनाया और वहीं अब अपने प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार करने के लिए अपने दिग्गज नेताओं को भी भेज रही है। इसी क्रम में गुरुवार की आधी रात को प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक मैनपुरी पहुंच गए। वह आज जिले में कई कार्यक्रमों में शामिल होने के साथ भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार करेंगे।



किसी भी तरह भाजपा जीतना चाहती है ये सीट

सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद खाली हुई। उनकी लोकसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में एक तरफ जहां सपा ने अखिलेश यादव की पत्नी व पूर्व सांसद डिंपल यादव को प्रत्याशी बनाया है तो वहीं भाजपा ने सपा व प्रसपा के नेता रह चुके व खुद को मुलायम सिंह यादव व शिवपाल सिंह यादव का शिष्य बताने वाले पूर्व सांसद, विधायक रघुराज शाक्य पर दांव लगाया है। BJP किसी भी हाल में ये सीट जीतकर सपा को तगड़ा झटका देना चाहती है। भाजपा रामपुर-आजमगढ़ के तर्ज पर ही मैनपुरी जीत कर प्रदेश में ये संदेश देना चाहती है कि प्रदेश में भाजपा का कोई विकल्प नहीं है। वहीं समाजवादी पार्टी भी अपने गढ़ को किसी भी तर्ज पर खोना नहीं चाहती। इसके लिए उसने अपनी पूरी ताकत लगा रखी है। सपा प्रमुख विधान सभा वार जाकर अपनी पत्नी के पक्ष में चुनाव प्रचार कर रहे है। इसके साथ ही सपा ने 40 स्टार प्रचारकों को भी सपा के पक्ष में प्रचार करने के लिए लगा रखा है।    

2 दिवसीय मैनपुरी दौरे पर पहुंचे डिप्टी सीएम
भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करने व पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए डिप्टी सीएम गुरुवार की आधी रात मैनपुरी पहुंच गए। यहां वह आज और कल दो दिनों में प्रचार करेंगे। इसके अंतर्गत वो आज शाम किशनी, करहल और जसवंतनगर विधानसभा में पार्टी के कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इसके बाद वो आज शाम को पार्टी नेताओं के साथ बैठक कर चुनाव की रणनीति पर चर्चा करेंगे। इसके बाद वह शनिवार को भोगांव विधानसभा में युवा सम्मेलन में भाग लेंगे। इसके बाद शाम 4:00 बजे मैनपुरी में एक कार्यक्रम में भाग लेने के बाद आगरा के लिए रवाना हो जाएंगे।

Content Editor

Prashant Tiwari