बेखौफ बदमाशों का कहरः युवक की हत्या कर शव को जलाया, मचा हड़कंप

punjabkesari.in Wednesday, Feb 28, 2018 - 06:17 PM (IST)

इलाहाबादः उत्तर प्रदेश में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। बेखौफ बदमाश आए दिन अपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला इलाहाबाद का है। जहां रेलवे स्टेशन के नजदीक एक युवक का अधजला शव पड़ा मिला। शव के मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। युवक के शरीर पर चोटों के काफी निशान भी मिले हैं।

जानकारी के मुताबिक घटना दारागंज थाना क्षेत्र के फुलवरिया रोड की है। यहां मृतक दलित युवक रितेश मंगलवार की शाम को घर से निकला था। उसके बाद वापस घर नही लौटा। आधी रात तक घरवाले उसे तलाशते रहे, लेकिन उसका कोई पता नही चल सका। वहीं घरवालों को सुबह जब रेलवे स्टेशन के पास युवक की लाश मिलने की जानकारी मिली। जिसके बाद परिजन लापता रितेश उर्फ रिक्की की घटनास्थल पर शिनाख्त करने पहुंचे। यहां बेटे का शव देखकर परिजन दंग रह गए।

वहीं इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर मौजूद पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या किसने और क्यों की इसकी जांच पड़ताल की जा रही है। मृतक के परिजनों से मिली तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने जल्द ही हत्या की इस वारदात का खुलासा करने का दावा किया है। उधर, मृतक युवक के परिजनों का कहना है कि इलाके के कुछ लोगों से विवाद हुआ था।