UP में कैबिनेट विस्तार तय, गृहमंत्री शाह से फाइनल मीटिंग के बाद 5 से 7 नए चेहरे होंगे शामिल

punjabkesari.in Tuesday, Jul 20, 2021 - 05:35 PM (IST)

लखनऊ: आबादी के हिसाब से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में सियासी गर्मी का तापमान बढ़ता ही जा रहा है। इसी बीच केंद्र सरकार के कैबिनेट विस्तार के बाद अब यूपी में भी मंत्रिमंडल विस्तार होना लगभग तय हो गया है। भारतीय जनता पार्टी व राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की बैठक के बाद इसे हरी झंडी मिल गई है। बता दें कि विस्तार के अंतर्गत 5 से 7 नए चेहरे इसमें शामिल हो सकते हैं।

बता दें कि यह योगी सरकार कैबिनेट का तीसरा विस्तार होगा। जो कि आगामी वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है।
वहीं सूत्रों का कहना है कि संघ ने बीजेपी को सलाह दी है कि मौजूदा कैबिनेट से कोई भी मंत्री नहीं हटाया जाएगा। इससे फायदा होने की जगह नुकसान हो सकता है। यूपी बीजेपी ने यह सलाह मान ली है। रविवार को संघ की संगठनों की बैठक के बाद सीएम, स्वतंत्र देव सिंह, सुनील बंसल और दोनों डिप्टी सीएम संघ के सरकार्यवाह दत्रात्रेय होसबोले के साथ बैठे थे। उसमें मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर सहमति बनी। सूची में से 5-7 नाम फाइनल कर लिए गए हैं। मंगलवार को गृहमंत्री अमित शाह के साथ भी एक बैठक होनी है। जिसमें चयनित नामों को लेकर शाह की राय ली जाएगी।

गौरतलब है कि मौजूदा समय उत्तर प्रदेश कैबिनेट में सीएम योगी के अलावा 22 कैबिनेट मं‌त्री, 9 राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और 21 राज्यमंत्री यानी कुल 53 लोग हैं। कैबिनेट में 60 लोग शामिल हो सकते हैं। इस वजह से अधिकतम सात नए मं‌त्रियों को विस्तार के अंतर्गत शामिल किया जा सकता है।

Content Writer

Moulshree Tripathi