कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्या की सोशल साइट हैक, जालसाजों ने पोस्ट की अभद्र टिप्पणी

punjabkesari.in Friday, May 04, 2018 - 02:30 PM (IST)

लखनऊः यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्या का सोशल मीडिया की वेबसाइट पर बना पेज हैक हो गया है। इतना ही नहीं उनके पेज से जालसाजों ने अभद्र टिप्पणी भी कर दी। जैसे ही इस बात की जानकारी आलाधिकारियों को हुई हड़कंप मच गया। इसकी शिकायत थाना गौतमपल्ली में की गई। जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरु की तो वेबसाइट हैक होने के कुछ देर बाद पेज रिकवर कर लिया गया। 

स्वामी मौर्य के पर्सनल सेकेट्री मनोज चौधरी ने गौतमपल्ली थाने में इस बाबत बुधवार देर रात में शिकायत दर्ज कराई है। तहरीर में लिखा गया है कि मंत्री की वेबसाइट अराजक तत्वों द्वारा हैक कर ली गई है। हैकर अवांछनीय भाषा और चित्रों का प्रयोग करते हुए मंत्री को बदनाम करने की सुनियोजित कोशिश कर रहे हैं। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

बताया जा रहा है कि बुधवार देर शाम करीब 7 बजे वेबसाइट को हैकरों ने हैक किया था। इसकी जानकारी रात करीब आठ बजे मंत्री के करीबियों को हुई, जिसके बाद आनन-फानन पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। फिलहाल साइबर क्राइम सेल को भी मामले की जांच के लिए लगाया गया है।


 

Tamanna Bhardwaj