ब्राह्मण वोटों पर प्रियंका की नजर, खुशी दुबे की मां को कानपुर शहर से दे सकती हैं टिकट

punjabkesari.in Thursday, Jan 27, 2022 - 01:24 PM (IST)

कानपुर: उत्तर प्रदेश में अपनी राजनीतिक जनाधार को एक बार फिर से वापस लाने के लिए कांग्रेस प्रभारी प्रियंका गांधी ने 2022 विधान सभा चुनाव के लिए मास्टर प्लान तैयार कर मैदान में उतरने की तैयारी में हैं।  इसी क्रम उन्होंने  बिकरु कांड में सह अभियुक्त बनाई गई नाबालिग खुशी दुबे की मां गायत्री तिवारी से दिल्ली में मुलाकात की। ऐसी आशंका जताई जा रही है प्रियंका उन्हें चुनाव मैदान में उतार सकती है।  बता दें कि  बिकरु कांड मामले में खुशी दूबे पर हुई कार्रवाई मामले सभी विपक्षी पार्टियों ने गलत बताया था।  वहीं अब प्रियंका ने ब्राह्मण वोटों को साधने के लिए कल्याणपुर या गोविंद नगर से गायत्री तिवारी को कांग्रेस चुनाव मैदान में उतार सकती है। कानपुर शहर की कई सीटों में ब्राह्मण मतदाता सबसे ज्यादा संख्या में हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि प्रियंका  चुनाव मैदान में उतार कर ब्राह्मण वोटरों को अपने पाले में कर सकती है।

बता दें कि कानपुर के बहुचर्चित बिकरू कांड में 8 पुलिसकर्मियों की हत्या के मामले में खुशी दुबे को भी सह अभियुक्त बनाया गया है।  खुशी दुबे के साथ ही साथ चार महिलाओं पर घटना के समय पुलिस पर हमलावरों को उकसाने का आरोप लगा है। पुलिस ने खुशी दुबे और तीन महिलाओं को धारा 120 बी का आरोपी बनाया था। इस मामले में खुशी की जमानत याचिका निचली अदालत और हाईकोर्ट से खारिज हो चुकी है, जिसके खिलाफ खुशी के वकील विवेक तन्खा, दीपक बाजपेई और शिवाकांत दीक्षित ने सुप्रीम कोर्ट में अपील की है। वहीं यूपी चुनाव में प्रियंका गांधी ने महिलाओं को 40 प्रतिशत टिकट देने का ऐलान किया है। इससे पहले उन्होंने हाथरस में पीड़ित परिजनों को टिकट देने का ऐलान किया था उसके बाद परिजनों ने प्रियंका गांधी के इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया था। 

Content Writer

Ramkesh