चुनावी नामांकन प्रक्रिया पड़ी ठप्प, लेखपालों की हड़ताल से भटक रहे प्रत्याशी

punjabkesari.in Monday, Oct 30, 2017 - 11:10 AM (IST)

हरदोई(आशीष द्विवेदी): हरदोई में जहां एक तरफ नगरपालिका चुनाव के नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है तो वहीं दूसरी तरफ लेखपाल हड़ताल पर चल रहे हैं। इस हड़ताल को लेकर प्रत्याशियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं लेखपालों की हड़ताल से नामांकन प्रक्रिया पर भी बुरा असर पड़ सकता है।

बता दें कि लेखपाल कुछ मांगों को लेकर हड़ताल पर चल रहे हैं। प्रत्याशियों की माने तो पर्चा भरने के समय लगने वाले दस्तावेज में थोड़ी बहुत कमी सही करवाने के लिए लेखपाल नहीं मिल रहे हैं। जिसके लिए उन्हें नामांकन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। तो वहीं अपर जिलाधिकारी का कहना हैं कि नामांकन की प्रक्रिया के लिए सभी तरीके की व्यवस्थाएं कर दी गई हैं।

कलेक्ट्रेट परिसर में पर्चा खरीदने आए प्रत्याशी जमील अहमद ने बताया कि उनकी पत्नी के नाम में कुछ दिक्कत है। जिसे सही कराने के लिए वह लगातार तहसील के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन लेखपालों की हड़ताल के कारण उनके नाम में संशोधन नहीं हो पा रहा है। जिससे उन्हें परेशानी हो रही है।

अपर जिलाधिकारी विपिन कुमार मिश्रा ने बताया कि आज से नामांकन की प्रक्रिया सुचारू रूप से शुरू कर दी गई है। इसको लेकर सभी तरीके के जरूरी इंतजाम कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि लेखपालों की हड़ताल को लेकर बैठक की जा रही है। जल्द इस समस्या का समाधान किया जाएगा।