सावधान! डोले बनाने की चाहत न बना दे नपुंसक

punjabkesari.in Friday, Dec 22, 2017 - 11:18 AM (IST)

लखनऊ: अभिनेताओं और बॉडी बिल्डर की तरह शरीर को आकर्षक बनाने का जादू आजकल के नौजवानों के सिर चढ़कर बोल रहा है। उनकी इस चाहत का गली-गली में खुल रहे जिम फायदा उठा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार कुछ जिम संचालक युवाओं को भ्रमित करके सस्ते और नुक्सानदायक फूड सप्लीमैंट देकर सब्ज-बाग दिखा रहे हैं। ये सप्लीमैंट मांसपेशियों को फुलाकर तेजी से आकर्षक बॉडी बनाने में मदद तो करते हैं, लेकिन लंबे समय तक इसके इस्तेमाल से नपुंसकता व अन्य बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। आमतौर पर एक स्वस्थ मनुष्य को किसी भी फूड सप्लीमैंट की जरूरत नहीं होती, पर बॉडी बिल्डिंग करने वाले लोगों को प्रोटीन, सोडियम और पॉटेशियम की ज्यादा आवश्यकता होती है। मसल्स बनाने के नाम पर फूड सप्लीमैंट और विटामिन के कैप्सूल शहर के मैडीकल स्टोर्स और जिम में युवाओं को दिए जा रहे हैं।

सप्लीमैंट खाने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता, नपुंसकता, हार्मोन से जुड़ी बीमारियां और हार्ट अटैक का खतरा बढ़ जाता है। डाक्टरों की मानें तो स्टीरॉयड युक्त डायट सप्लीमैंट खाने से नपुंसकता होने का खतरा शत-प्रतिशत बढ़ जाता है। कुछ मांसपेशियों को बढ़ाने वाले उत्पादों का प्रयोग गैसट्राइंटेस्टाइनल समस्याओं का कारण बन सकता है। कई सारे बॉडी बिल्डिंग सप्लीमैंट में पाया जाने वाला के्रटीन पेट की खराबी और दस्त का कारण बन सकता है, साथ ही आप लैक्टोज के प्रति सजग नहीं है, तो आपको सूजन हो सकती है। इससे असर सीधे तौर पर गुप्तांग पर भी पड़ता है।