इधर नए साल का जश्न, उधर मथुरा जेल से 3 कैदी फरार

punjabkesari.in Monday, Jan 01, 2018 - 02:04 PM (IST)

मथुराः एक तरफ जहां सारी दुनिया नए साल का जश्न मना रही है। वहीं उत्तर प्रदेश की मथुरा जेल से 3 कैदी फरार हो गए। इस घटना से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि कैदी घने कोहरे का फायदा उठाकर जेल से फरार हो गए।

जानकारी के मुताबिक पता चला कि कैदियों ने जेल से भागने के लकड़ी को सहारा बनाकर दीवार फांदी। देर रात घने कोहरे होने के कारण विजिबिलिटी इतनी कम थी कि 10 मीटर की दूरी पर भी दिखाई नहीं दे रहा था। इसी का फायदा बैरेक 17 में कैद 4 कैदियों ने उठाया। इनमें से 3 कैदी लकड़ी के सहारे दीवार फांदकर भागने में कामयाब रहे, जबकि चौथे कैदी को भागते वक्त जेल के सुरक्षाकर्मियों ने दबोच लिया। 

जेल अधीक्षक शैलेंद्र कुमार के अनुसार देर रात से ही तीनों कैदियों की तलाश की जा रही है। भागे हुए कैदियों में कलुआ, राहुल और संजय हैं. कलुआ उर्फ़ शेरा निवासी पानी की टंकी किशोर पुरा वृंदावन का है। दूसरा कैदी संजय निवासी नगला लालदास थाना अछनेरा आगरा है। तीसरा कैदी राहुल कुशवाहा निवासी हथोड़ा जलेसर है। पुलिस तीनों कैदियों की तलाश कर रही है।