महाराष्ट्र में भाजपा की सरकार बनने पर जश्न, प्रयागराज के नेताओं ने दी बधाई

punjabkesari.in Saturday, Nov 23, 2019 - 06:05 PM (IST)

 

प्रयागराजः महाराष्ट्र में देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार का दोबारा गठन होने पर शनिवार को शहर के सुभाष चौराहे पर सैकडों की संख्या में नेता और कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़े और एक दूसरे को मिठाई खिलाई।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में देवेंद्र फडणवीस के आज दोबारा तथा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी(एनसीपी) नेता अजीत पवार के उप मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने पर प्रयागराज के भाजपा नेताओं ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं देने के साथ कहा कि वहां विकास का सिलसिला और आगे बढेगा। भाजपा के महानगर अध्यक्ष अवधेश गुप्ता ने लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि गृहमंत्री अमित शाह भाजपा के चाणक्य हैं।

उन्होंने अपनी चाणक्य नीति के अनुसार महाराष्ट्र में दोबारा भाजपा सरकार का गठन कराया। महाराष्ट्र में नयी सरकार विकास का सिलसिला और आगे बढ़ायेगी। उन्होने कहा कि महाराष्ट्र में आज का दिन स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जायेगा।

भाजपा महानगर प्रवक्ता पवन श्रीवास्तव ने कहा कि फडणवीस के नेतृत्व में महाराष्ट्र में एक स्थिर एवं मजबूत सरकार मिली है जो वहां की जनता के कल्याण एवं विकास का मार्ग प्रशस्त करेगी। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की मजबूत सरकार अपने पांच वर्षों का कार्यकाल पूरा करेगी। महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के बाद एक महीने तक चले राजनीतिक गतिरोध के बाद भाजपा और एनसीपी ने अन्तत: सरकार बना ही लिया।


 

Tamanna Bhardwaj